सीहोर जिला जेल में स्वास्थ्य परीक्षण एवं जागरूकता शिविर आयोजित 259 बंदियो का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण


सीहोर, 25 अप्रैल, 2026    जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा सीहोर जिला जेल में विशेष स्वास्थ्य परीक्षण एवं जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर का शुभारंभ उच्च न्यायालय जबलपुर के मुख्य न्यायाधिपति द्वारा ऑनलाइन किया गया। स्वास्थ्य जांच शिविर के दौरान जिला चिकित्सालय के विभिन्न विशेषज्ञों द्वारा जेल के 259 बंदियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर चिकित्सकीय परामर्श दिया गया तथा निःशुल्क दवाइयां वितरित की गई। शिविर में बंदियों की आंख, रक्त मानसिक स्वास्थ्य सम्बंधी जांच की गई।

 प्रधान जिला न्यायाधीश श्री संजीव कुमार अग्रवाल ने कहा कि इस शिविर का उद्देश्य जेल के भीतर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना एवं विधिक सेवा योजनाओं का लाभ प्रदान करना है। उन्होंने स्वास्थ्य परीक्षण हेतु बनाये गये काउंटर एवं महिला बैरकों का निरीक्षण किया तथा बंदियों की समस्याओं को सुनकर उनके निराकरण के निर्देश दिए। बंदियों तथा जेल प्रशासन के अनुरोध एवं बंदियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रधान जिला न्यायाधीश द्वारा एनजीओ वारियो शिक्षा एवं समाज कल्याण समिति के माध्यम से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सीहोर द्वारा उपलब्ध कराए गए वाद्ययंत्र को बंदियों के लिए जेल प्रशासन को दिए।

    सचिव श्रीमती स्वप्नश्री सिंह कहा कि किसी व्यक्ति के लिए पहला सुख है निरोगी काया और इसी उद्देश्य से यह स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया है। उन्होंने जेल लोक अदालत, प्ली बारगेनिंग एवं विधिक सहायता एवं सलाह योजना के बारे में विस्तार से बताया। शिविर में पैनल अधिवक्ताओं तथा लीगल एड डिफेंस काउंसिल द्वारा बंदियो के प्रकरणों में पेशियों तथा अद्यतन स्थिति से अवगत कराया गया। विधिक परामर्श प्रदान किया गया तथा विधिक सहायता हेतु इच्छुक बंदियों की जानकारी भी ली गई। साथ ही बंदियों से अपील प्रस्तुति के सम्बंध में जानकारी ली गई। भैरूंदा सब जेल में भी कुल 90 बंदियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।

   इस अवसर पर जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री जीशान खान, सिविल सर्जन डॉ. उमेश श्रीवास्तव एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम, जेलर श्री अक्षय सिंहोतके, लीगल एड डिफेंस काउंसिल्स श्री शरद जोशी, श्री आसिफ खान, श्री राजेन्द्र कुशवाह, कु. एकता सेन, कु. संयोगिता सोलंकी, पैनल लॉयर्स, अधिवक्तागण, पैरालीगल वालेन्टियर्स एवं जिला चिकित्सालय के चिकित्सीय स्टॉफ उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments