सीहोर, 06 अप्रैल, 2026 सीहोर जिले में समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन का कार्य 10 अप्रैल से प्रारंभ किया जाएगा। उपार्जन कार्य को सुचारू रूप से संचालित करने तथा किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने बैठक आयोजित कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की।
बैठक में कलेक्टर ने विशेष रूप से बारदानों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उपार्जन केन्द्रों पर बारदानों की कमी किसी भी स्थिति में नहीं होनी चाहिए। इसके साथ ही तौल कांटे, नमी मापक यंत्र, साफ-सफाई, पेयजल, छाया और किसानों के बैठने की समुचित व्यवस्था समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने बिजली, इंटरनेट कनेक्टिविटी तथा कम्प्यूटर ऑपरेटर की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया, ताकि खरीदी कार्य बिना किसी बाधा के संचालित हो सके।
कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने निर्देश दिए कि उपार्जन केन्द्रों पर स्लॉट बुकिंग के आधार पर किसानों को निर्धारित समय पर ही बुलाया जाए, जिससे अनावश्यक भीड़ से बचा जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि गेहूं खरीदी निर्धारित मापदंडों के अनुसार ही की जाए और गुणवत्ता से समझौता न हो। किसी भी प्रकार की अनियमितता या शिकायत मिलने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में कलेक्टर ने उपार्जन केन्द्रों पर बारदानों की स्थिति का नियमित सत्यापन, किसानों के लिए स्वच्छ पेयजल, छायादार स्थान और बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही फायर सेफ्टी, प्राथमिक उपचार (फर्स्ट-एड) की उपलब्धता, एल-1 बायोमेट्रिक डिवाइस, हम्माली व्यवस्था तथा किसानों की जानकारी दर्ज करने हेतु रजिस्टर संधारित करने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने उपार्जन केन्द्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, नमी जांच के उपकरण तथा आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
कलेक्टर ने कहा कि उपार्जन कार्य के दौरान किसानों से लगातार संवाद बनाए रखा जाए और उनकी समस्याओं का त्वरित निराकरण किया जाए। उपार्जन केन्द्रों का नियमित निरीक्षण कर किसी भी कमी को तुरंत दूर किया जाए तथा सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें, ताकि खरीदी प्रक्रिया पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके। बैठक में कृषि उप संचालक श्री अशोक उपाध्याय, सहकारिता उप पंजीयक श्री सुधीर कैथवास, जिला विपणन अधिकारी श्री नीरज भार्गव, नागरिक आपूर्ति निगम जिला प्रबंधक श्री विवेक रंगारी, जिला आपूर्ति अधिकारी श्रीमती रेशमा भामोर, वेयर हाउस शाखा प्रबंधक श्री एमएल सूर्यवंशी, कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी श्री आकाश चंदेल सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
इस वर्ष पंजीयन में लगभग 116 प्रतिशत और रकबे में 111 प्रतिशत वृद्धि दर्ज
जिले में गेहूं उपार्जन की प्रगति पर नजर डालें तो वर्ष 2025-26 में कुल 88,292 किसानों का पंजीयन हुआ था और 2,20,293.55 हेक्टेयर रकबा दर्ज किया गया था। वहीं वर्ष 2026-27 के लिए अब तक 1,02,485 किसानों का पंजीयन हो चुका है तथा 2,44,959.65 हेक्टेयर रकबा दर्ज किया गया है। इस प्रकार पंजीयन में लगभग 116 प्रतिशत और रकबे में 111 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है, जो जिले में उपार्जन कार्य के प्रति किसानों की बढ़ती भागीदारी को दर्शाता है।
.jpeg)
0 Comments