जिले के 306 गांवों में नल जल योजनाओं का कार्य पूर्ण, 87 हजार परिवारों मिला नल कनेक्शन जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत भू-जल स्त्रोतों के रिचार्ज के लिए किया गया है जिले में 148 स्थलों का चयन


सीहोर, 31 मार्च, 2026  लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा जल जीवन मिशन के अंतर्गत स्वीकृत सीहोर जिले के 332 ग्रामों में एकल नल जल प्रदाय योजनाओं के संचालन का कार्य किया जा रहा है। इनमें आष्टा के 93, बुधनी के 73, इछावर के 46, भैरूंदा के 25 और सीहोर के 95 गांव शामिल हैं।

   वर्तमान में स्वीकृत 332 ग्रामों की नल जल प्रदाय योजनाओं में से 306 ग्रामों की योजनाओं का कार्य पूर्ण किया जा चुका है, जिनसे लगभग 87000 परिवारों को क्रियाशील घरेलू नल कनेक्शनों से लाभांवित किया जा चुका है। इन 306 ग्रामों की योजनाओं में से 262 ग्रामों की योजनाओं को संबंधित ग्रामों को संचालन एवं संधारण के लिए हस्तांतरित किया जा चुका है एवं 44 ग्रामों के हस्तांतरण की कार्यवाही प्रक्रियाधीन है। शेष प्रगतिरत 26 ग्रामों की नल जल प्रदाय योजनाओं का कार्य 90 प्रतिशत पूर्ण हो चुका है, जिन्हें अप्रैल 2026 तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

    जिले में चलाये जा रहे जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत पीएचई विभाग द्वारा नल जल प्रदाय योजनाओं में निर्मित किये गये स्रोतों की जियो टैगिंग का कार्य पूर्ण किया जा चुका है तथा नल जल प्रदाय योजनाओं में भू-जल स्त्रोतों के रिचार्ज के लिए 148 स्थलों का चयन किया गया है। इसके अतिरिक्त अभियान के अंतर्गत नल जल प्रदाय योजनाओं के पंप ऑपरेटरों के प्रशिक्षण का कार्य, सभी स्कूलों एवं आंगनबाड़ियों के पेयजल स्त्रोतों का फील्ड टेस्ट किट के माध्यम से परीक्षण का कार्य, अहस्तांतरित योजनाओं में पाइप लाइनों के लीकेज रिपेयरिंग का कार्य एवं पेयजल स्त्रोतों के आस-पास साफ-सफाई के प्रचार-प्रसार का कार्य भी किया जा रहा है।

Post a Comment

0 Comments