फाग उत्सव में शामिल हुए पूर्व नपा अध्यक्ष राकेश राय, दी होली की शुभकामनाएं


सीहोर। मंडी स्थित फ्रीगंज कॉलोनी में सूर्यवंशी समाज द्वारा हर वर्ष की तरह इस बार भी परंपरागत फाग उत्सव का आयोजन किया गया। रविवार को आयोजित इस कार्यक्रम में पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राकेश राय विशेष रूप से शामिल हुए।

इस अवसर पर समाजजनों ने पारंपरिक फाग गायन और रंगोत्सव के माध्यम से होली का उल्लास मनाया। ढोलक, नगाड़े, झांझ-मंजीरे और खंजड़ी की धुन पर बुंदेलखंडी लोकगीत गूंज उठे। पूरे क्षेत्र में रंग, गुलाल और लोकगीतों का उत्सवी माहौल नजर आया। राकेश राय ने उपस्थित लोगों को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज के आधुनिक दौर में भी सूर्यवंशी समाज अपनी पुरानी और समृद्ध परंपराओं को जीवित रखे हुए है, जो सराहनीय है। उन्होंने कहा कि हमारी सांस्कृतिक पहचान हमारे त्योहारों और लोक परंपराओं से ही बनी रहती है।

सूर्यवंशी अहिरवार समाज द्वारा होली उत्सव पांच दिनों तक मनाया जाता है। फाग गायन की मंडलियां रंग पंचमी तक लोकगीत प्रस्तुत करती हैं। लोकगीतों में रामायण, महाभारत, देवी-देवताओं और पारंपरिक होली गीतों का समावेश रहता है। समाज के बुजुर्गों ने बताया कि होली पर सबसे पहले शोक संतप्त परिवारों के घर जाकर रंग डालने की परंपरा निभाई जाती है, ताकि वे भी उत्सव में शामिल हो सकें। इसके बाद सभी एक-दूसरे को रंग लगाकर बधाई देते हैं। कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठजन और युवा बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। फ्रीगंज कॉलोनी में होली की शुरुआत के साथ ही लोक परंपराओं की मधुर गूंज सुनाई देने लगी है।


Post a Comment

0 Comments