जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित दुर्घटनाओं को रोकने और यातायात को सुगम बनाने के कलेक्टर-एसपी ने दिये निर्देश कलेक्टर ने सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों के त्वरित और निशुल्क इलाज के लिये पीएम राहत योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के दिये निर्देश


सीहोर, 26 फरवरी, 2026  कलेक्टर श्री बालागुरु के. की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में कलेक्टर श्री बालागुरू के. तथा एसपी श्री दीपक कुमार शुक्ला ने आवश्यक दिशा निर्देश दिये।

    बैठक में कलेक्टर ने सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को त्वरित इलाज के लिये पीएम राहत योजना के तहत चिकित्सालयों में पीड़ितों के इलाज की कैशलैस योजना के प्रभावी रूप से क्रियान्वयन के लिये पुलिस, परिवहन, एनआईसी एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकरियों को कार्यवाही करने के निर्देश दिये। बैठक में जानकारी दी गई ‍कि पीएम राहत योजना के तहत सड़क दुर्घटना में घायल प्रत्येक पात्र व्यक्ति को दुर्घटना की तिथि से 07 दिनों तक प्रति व्यक्ति अधिकतम 1.5 लाख रुपये तक का कैशलेस उपचार उपलब्ध कराया जाता है। जीवन को खतरा नहीं होने की स्थिति में अधिकतम 24 घंटे तथा गंभीर मामलों में अधिकतम 48 घंटे तक स्टेबलाइजेशन उपचार प्रदान किया जाता है। कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने सड़क दुर्घटना में मृत एवं घायलों को मिलने वाली राहत राशि के प्रकरणों पर तत्काल कार्यवाही करने के निर्देश दियें। उन्होंने कुबरेश्वर धाम के सामने हाईवे पर हाई मास्ट लाइट लगाने के भी निर्देश दिये।

    कलेक्टर ने निर्देश दिए कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की जाए तथा आवश्यक होने पर ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन का प्रस्ताव भी भेजा जाए। सड़क दुर्घटनाएं रोकने हेतु ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर उनके रेक्टिफिकेशन की कार्रवाई निरंतर की जाए और प्रत्येक माह दुर्घटनाओं का विश्लेषण कर रिपोर्ट बैठक में प्रस्तुत की जाए। ओवर स्पीडिंग पर नियंत्रण के लिए हाईवे के टोल नाकों के पास स्पीड रडार गन के माध्यम से कार्रवाई करने के निर्देश दिए। सड़क दुर्घटना में घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाने वाले व्यक्तियों को जिला प्रशासन द्वारा प्रोत्साहन राशि प्रदान करने की बात भी कही गई।

  उन्होंने सीहोर शहर में यातायात बाधित करने वाले अतिक्रमणों को हटाने के निर्देश दिए, ताकि ट्रैफिक संचालन सुचारू रूप से हो सके। साथ ही निर्माण कार्यों के बीच में आ रहे बिजली के पोल को शिफ्ट करने की कार्रवाई करने के निर्देश भी संबंधित विभाग को दिए। बैठक में आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने पर भी जोर दिया गया। सड़क दुर्घटना में घायलों को मुख्यमंत्री राहत योजना का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। बैठक में जिला वन मंडल अधिकारी सुश्री अर्चना पटेल, ईपीडब्ल्यूडी के श्री बीएल अहिरवार, आरटीओ श्री रीतेश तिवारी, एमपीआरडीसी के एसडीओ श्री संजीव जैन, यातायात प्रभारी श्री बृजमोहन धाकड़ सहित अन्य अधिकारी अधिकारी उपस्थित थे।

Post a Comment

0 Comments