कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति की बैठक आयोजित बच्चों की सुरक्षा, संरक्षण एवं पुनर्वास से जुड़े मामलों में शीघ्र कार्यवाही के दिये निर्देश


सीहोर, 26 फरवरी, 2026 कलेक्टर श्री बालागुरू के. की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने बच्चों की सुरक्षा, संरक्षण एवं पुनर्वास से जुड़े विभिन्न मामलों की विस्तार से समीक्षा की। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि बाल संरक्षण से संबंधित प्रकरणों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए। बैठक में एसपी श्री दीपक कुमार शुक्ला ने भी बच्चों से जुड़े मामले में त्वरित कार्यवही के लिये आवश्यक निर्देश दिये।

  बैठक में संरक्षण एवं पुनर्वास के मामले में कलेक्टर ने कहा कि बच्चों के प्रकरणों में कार्यवाही को तेज गति से संचालित करने के लिये अधिकारी स्वयं बच्चों के अभिभावकों से संपर्क कर दस्तावेज अथवा आवश्यक जानकारी एकत्र करें। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ बच्चों के हित में त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित करें। उन्होंने शिक्षा विभाग, पुलिस विभाग, स्वास्थ्य विभाग सहित संबंधित विभागों को जरूरतमंद बच्चों की पहचान, स्वास्थ्य परीक्षण, दस्तावेज उपलब्ध कराने तथा योजनाओं का लाभ समय पर दिलाने के निर्देश दिए।

बैठक में जानकारी दी गई कि ‘बाल आशीर्वाद योजना’ अंतर्गत 335 प्रकरण प्रस्तुत किए गए, जिनमें से 331 बच्चों के अनुश्रवण की कार्यवाही की गई है। बैठक में मिशन वात्सल्य अंतर्गत संचालित योजनाओं की भी समीक्षा की गई। जानकारी दी गई कि पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रन योजना से 04, मुख्यमंत्री कोविड-19 बाल सेवा योजना से 16, मुख्यमंत्री बाल आशीर्वाद योजना से 105 तथा स्पॉन्सरशिप एवं फॉस्टर केयर योजना से 855 बच्चे लाभान्वित हो रहे हैं। बैठक में डीएफओ श्रीमती अर्चना पटेल, जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री ज्ञानेश खरे सहित बाल कल्याण समिति के सदस्य और संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

Post a Comment

0 Comments