सीहोर में साहित्य का महाकुंभ: आज से सजेगा 'शिवना साहित्य समागम, देशभर के दिग्गज जुटेंगे


सीहोर। नवाबी नगरी और साहित्य की उर्वर धरा सीहोर में शनिवार से शब्दों का उत्सव शुरू होने जा रहा है। हिंदी साहित्य, भाषा और संस्कृति को समर्पित 'शिवना साहित्य समागम 2026Ó का भव्य शनिवार से इंदौर-भोपाल बायपास स्थित क्रिसेंट रिसोर्ट में होगा। दो दिवसीय इस महोत्सव में देश के प्रतिष्ठित साहित्यकार, कवि, कथाकार और विचारक वैचारिक विमर्श करेंगे।

तीन सभागारों में गूँजेंगे विचार

आयोजन समिति के अनुसार, समागम के दौरान तीन अलग-अलग सभागारों—सिद्धपुर सभामंडप, कु. चैन सिंह सभागार और लीजो हॉल में समानांतर सत्र चलेंगे। शनिवार सुबह 9:45 बजे उद्घाटन सत्र के साथ कार्यक्रम शुरू होगा, जिसमें जगतगुरु पंडित अजय पुरोहित, डॉ. प्रेम जनमेजय और विकास दवे जैसे प्रबुद्धजन शामिल होंगे।

इन विषयों पर होगा मंथन

दो दिनों में 'धर्म और साहित्यÓ, 'सिनेमा और साहित्यÓ, 'पत्रकारिता की विश्वसनीयताÓ, 'नई सदी की कविता-कहानीÓ और 'राजनीति की डगरÓ जैसे विषयों पर गंभीर चर्चा होगी। महोत्सव के दौरान पुस्तक लोकार्पण और 'आदि आबादी की आवाज़Ó जैसे सत्रों के माध्यम से स्त्री विमर्श पर भी बात होगी।

आठ विभूतियों का होगा सम्मान

शनिवार शाम 7 बजे आयोजित गरिमामय समारोह में साहित्य जगत की आठ बड़ी शख्सियतों को सम्मानित किया जाएगा:

लीलाधर मंडलोई: अंतर्राष्ट्रीय शिवना सम्मान 2025 (आत्मकथा: जब से आँख खुली है)

प्रभात रंजन: अंतर्राष्ट्रीय शिवना सम्मान 2024 (उपन्यास: किस्सागराम)

मनीश वैद्य: अंतर्राष्ट्रीय शिवना सम्मान 2024 (कहानी: वांग छी)

मुकेश नेमा व स्मृति आदित्य: शिवना कृति सम्मान 2025

प्रवीण कक्कड़: शिवना कृति सम्मान 2024 (दण्ड से न्याय तक)

रश्मि कुलश्रेष्ठ व रुक्मा ओझा: शिवना नवलेखन पुरस्कार 2024

रेडियो कर्मवीर पर गूँजेगी साहित्योत्सव की धमक

माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता विश्वविद्यालय (भोपाल) का सामुदायिक रेडियो 'रेडियो कर्मवीर 90.0 एफएमÓ इस पूरे आयोजन की विशेष कवरेज करेगा। टीम द्वारा साहित्यकारों के साक्षात्कार और सत्रों की रिपोर्टिंग की जाएगी, जिससे सीहोर की साहित्यिक हलचल रेडियो तरंगों के जरिए जन-जन तक पहुँचेगी।

समापन पर फाग और लोक संस्कृति का तड़का

समागम का समापन 1 मार्च की शाम फाग गायन और पारंपरिक भगोरिया नृत्य के साथ होगा। आयोजन समिति के यतींद्र मिश्र, पंकज सुबीर, यशपाल शर्मा और अखिलेश राय ने जिले के साहित्य प्रेमियों से इस महाकुंभ में सहभागी बनने की अपील की है।


Post a Comment

0 Comments