सीहोर। आईटीसी चौपाल सागर, सीहोर में ग्रामीण विकास, किसान सशक्तिकरण एवं युवा मार्गदर्शन को समर्पित तीन दिवसीय कार्यक्रम की शुरुआत शुक्रवार को की गई। कार्यक्रम का समापन एक मार्च को होगा। कार्यक्रम में महिन्दा एंड महिन्द्रा जेके टायर्स, टाटा एग्रो, सनफीस्ट यिप्पी, विवेल, सेवलान सहित किसानों से संबंधित कई कंपनियां भाग ले रही है। इस आयोजन में किसानों, युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं, स्वयं सहायता समूहों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, चिकित्सा विशेषज्ञों तथा विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों की सक्रिय सहभागिता रही। कार्यक्रम के दौरान आईटीसी मार्स एप के संबंध में विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। किसानों को डिजिटल माध्यम से मौसम पूर्वानुमान, फसल परामर्श तथा बाजार संबंधी जानकारी प्राप्त करने की प्रक्रिया विस्तार से समझाई गई, जिससे उन्हें आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने का प्रयास किया गया। सामाजिक सरोकारों को ध्यान में रखते हुए अखिलेश राय (सामाजिक कार्यकर्ता), अशोक उपाध्याय (उप संचालक, कृषि), जगदीश मुजाल्दा (सहायक संचालक, उद्यानिकी), डॉ. देवेंद्र पायसी (आर.ए.के. महाविद्यालय), कृषि विशेषज्ञ डॉ. जैनेंद्र कनौजिया तथा सुतांशु कुमार (रिटेल हेड, आईटीसी), अभिषेक शर्मा, डॉक्टर नागेंद्र मिश्रा डॉक्टर राकेश मोहन रावत सहित अन्य सम्मानित अतिथियों की उपस्थिति में विभिन्न विषयों पर सार्थक विचार-विमर्श किया गया। कार्यक्रम के दौरान तीन उन्नत किसानों का भी सम्मान किया। किसानों को फसल विविधीकरण अपनाने, टिकाऊ कृषि पद्धतियों को बढ़ावा देने तथा आय वृद्धि के नए अवसरों पर मार्गदर्शन प्रदान किया गया। पशुपालन एवं पशु स्वास्थ्य सत्र में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा पशुओं में मल्टी-मिनरल उपयोग, संतुलित पोषण प्रबंधन तथा सामान्य रोगों की रोकथाम संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। किसानों ने अपने अनुभव साझा किए और विशेषज्ञों से व्यावहारिक समाधान प्राप्त किए। कार्यक्रम में पधारे समस्त किसानों के लिए श्री सत्य साई समूह द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण व औषधि वितरण की व्यवस्था की गई। इस पहल को किसानों ने सराहा और इसे ग्रामीण समुदाय के लिए उपयोगी बताया। स्वयं सहायता समूहों, स्थानीय संस्थाओं तथा आईटीसी प्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी से कार्यक्रम को सामुदायिक सहयोग का मजबूत आधार मिला। खेलकूद गतिविधियों के माध्यम से किसानों एवं बच्चों में उत्साह और सहभागिता की भावना को प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम में अनुराग बोहरा एरिया मेनेजर, राजीव बिसेन, रजनीश वर्मा, संकेत दुबे, विजय भावसार सहित आईटीसी स्टाफ का सहयोग रहा। इस दौरान बड़ी संख्या में जिले किसान उपस्थित थे।


0 Comments