सीहोर। जिला मुख्यालय के समीपस्थ विश्व प्रसिद्ध कुबेरेश्वरधाम पर आगामी 14 फरवरी से होने वाले भव्य ऐतिहासिक रुद्राक्ष महोत्सव में देश और विदेश में सनातन धर्म को रोशन करने वाले अनेक संतों के आने स्वीकृति मिली है। इस महाकुंभ में 17 फरवरी को बागेश्वरधाम के प्रसिद्ध कथा वाचक धीरेन्द्र शास्त्री और 19 फरवरी को कथा वाचक पंडित देवकीनंदन ठाकुर भी शामिल होंगे। कथा वाचक देवकीनंदन ठाकुर महाराज एक प्रसिद्ध भागवत कथा वाचक हैं, जो भारत और विदेशों में सनातन धर्म के प्रचार और भागवत कथा के लिए जाने जाते हैं। इन संतों के लिए समिति और प्रशासन ने विशेष कारिडोर का निर्माण किया है। इसके अलावा प्रशासन और समिति के द्वारा आगामी भव्य आयोजन को लेकर तैयारियां पूर्ण की गई है।
इसके अलावा समिति और प्रशासन के द्वारा भोजनशाला, कथा पंडाल, प्रवेश-निकास द्वार, पार्किंग, कंट्रोल रूम एवं चिकित्सा व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। उन्होंने पूर्णत: क्रियाशील कंट्रोल रूम, पर्याप्त एम्बुलेंस, प्रशिक्षित चिकित्सकीय स्टाफ, आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता तथा मिनी आईसीयू स्थापना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कानून-व्यवस्था, सुरक्षा एवं यातायात नियंत्रण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अधिकारियों को नियमित प्रगति समीक्षा कर सभी व्यवस्थाएं पूर्णत: दुरुस्त रखने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं श्रद्धामय वातावरण प्राप्त हो सके।

0 Comments