ग्राम छापर में जल अर्पण कार्यक्रम का हुआ आयोजन, जल संरक्षण का दिया गया संदेश


सीहोर, 12 फरवरी, 2026  लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा विकासखंड आष्टा के ग्राम छापर में जल अर्पण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत कलश यात्रा एवं स्कूल रैली के माध्यम से ग्रामीणों को जल संरक्षण का संदेश दिया गया। साथ ही जल के महत्व एवं उसके सतत उपयोग को लेकर जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। इस अवसर पर ब्लॉक समन्वयक मंगलेश दुबे द्वारा ग्रामीणों को जल संरक्षण एवं स्वच्छता की शपथ दिलाई गई।

  ग्राम छापर में संचालित नल-जल योजना के सफल संचालन का भी उल्लेख किया गया। योजना के माध्यम से लगभग 250 परिवारों को नियमित रूप से पेयजल उपलब्ध हो रहा है तथा सभी परिवारों द्वारा नियमित रूप से जल कर का भुगतान किया जा रहा है, जो योजना की सतत संचालन व्यवस्था को मजबूत बनाता है। कार्यक्रम के दौरान जल कर का नियमित भुगतान करने वाले परिवारों तथा पंप ऑपरेटर श्री दिनेश को लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा सम्मानित किया गया।

   कार्यक्रम में श्री राम बजरंग मंडल की टीम द्वारा “पानी बचाओ” विषय पर प्रेरणादायक गीत की सुंदर प्रस्तुति दी गई, जिसने उपस्थित ग्रामीणों को जल संरक्षण के प्रति भावनात्मक रूप से जागरूक किया। वहीं एफटीके किट के माध्यम से ग्राम के हैंडपंपों के पानी का जल परीक्षण भी किया गया, ताकि पेयजल की गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सके।

    कार्यक्रम में सरपंच गीताबाई, पीएचई विभाग से सहायक यंत्री जिज्ञासा दीक्षित, ब्लॉक समन्वयक मंगलेश दुबे, उपयंत्री राजेंद्र वर्मा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों में जल संरक्षण, स्वच्छता एवं सुरक्षित पेयजल के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।




Post a Comment

0 Comments