सीहोर। शासकीय माध्यमिक शाला कोडिय़ाछीतू में आगामी वार्षिक परीक्षा के सफल संचालन एवं विद्यार्थियों की बेहतर तैयारी को ध्यान में रखते हुए विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थियों को परीक्षा पूर्व पेन, कॉपी एवं अन्य आवश्यक शैक्षिक सामग्री का वितरण किया गया। विद्यालय परिवार द्वारा की गई इस पहल का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना रहा कि कोई भी विद्यार्थी संसाधनों के अभाव में अपनी तैयारी में पीछे न रह जाए तथा सभी विद्यार्थी समान अवसर के साथ परीक्षा में सम्मिलित हो सकें।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यार्थियों को अध्ययन के प्रति प्रेरित करते हुए किया गया। शाला प्रभारी श्री संजय सक्सेना ने विद्यार्थियों से संवाद स्थापित करते हुए परीक्षा पर विस्तृत एवं मार्गदर्शक चर्चा की। उन्होंने परीक्षा की तैयारी की सही रणनीति, समय का समुचित प्रबंधन, विषयवार पुनरावृत्ति, लिखित अभ्यास की आवश्यकता तथा मॉडल प्रश्नपत्र हल करने के महत्व पर प्रकाश डाला।
श्री सक्सेना ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि परीक्षा जीवन का एक महत्वपूर्ण चरण है, जो हमारे परिश्रम, अनुशासन और आत्मविश्वास की परीक्षा लेती है। यदि विद्यार्थी नियमित अध्ययन, सकारात्मक सोच और पूर्ण एकाग्रता के साथ तैयारी करें, तो सफलता निश्चित है। उन्होंने विद्यार्थियों को तनावमुक्त रहकर, प्रश्नपत्र को ध्यानपूर्वक पढक़र एवं उत्तरों को सुव्यवस्थित ढंग से लिखने की सलाह दी।
विद्यालय के अन्य शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों को विषयवार महत्वपूर्ण बिंदुओं की पुनरावृत्ति कराई तथा परीक्षा के दौरान सावधानियों से अवगत कराया। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को मोबाइल एवं अन्य विचलनों से दूर रहकर नियमित अध्ययन करने और पर्याप्त विश्राम लेने की भी सलाह दी, ताकि वे मानसिक एवं शारीरिक रूप से स्वस्थ रहकर परीक्षा दे सकें।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में उत्साह, आत्मविश्वास एवं सकारात्मक ऊर्जा का वातावरण देखने को मिला। शैक्षिक सामग्री प्राप्त कर विद्यार्थियों ने विद्यालय परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया। अभिभावकों ने भी विद्यालय की इस संवेदनशील एवं विद्यार्थी हितैषी पहल की सराहना की तथा इसे विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
विद्यालय परिवार ने संकल्प व्यक्त किया कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम हेतु निरंतर ऐसे प्रेरणादायक कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे। अंत में समस्त विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य एवं श्रेष्ठ परिणाम की मंगलकामनाएं व्यक्त की गईं। इस अवसर पर शाला प्रभारी संजय सक्सेना, शैलेंद्र सिंह, देवेन्द्र सिंह चौहान, डी के मालवीय, शशिबाला नामदेव, फूलवती सेन, माधुरी जोशी, मंजू राठौर एवं सिद्धार्थ रघुवंशी आदि उपस्थित थे।

0 Comments