भारतीय मजदूर संघ ने मनाया विरोध दिवस - रैली निकाल कर मुख्यमंत्री के नाम दिया ज्ञापन



सीहोर। भारतीय मजदूर संघ के राष्ट्रीय आह्वान पर बुधवार को जिला संगठन द्वारा देशव्यापी विरोध दिवस मनाया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कर्मचारियों व श्रमिकों की विभिन्न मांगों को लेकर रैली निकाली और कलेक्ट्रेट पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा।

इसके पूर्व भोपाल नाका पर आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता एवं भामस के संस्थापक दत्तोपंत ठेंगड़ी जी के चित्र पर अतिथियों द्वारा माल्यर्पण कर किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष राम परमार ने की। विशेष अतिथि के रूप में पूर्व विभाग प्रमुख अनिल शर्मा, वीरसिंह गुर्जर, आंगनवाड़ी संघ की जिलाध्यक्ष उषा राठौर, राज्य कर्मचारी संघ के संभागीय अध्यक्ष गोपालसिंह ठाकुर जिलाध्यक्ष कुंदन राय, दैवेभो कर्मचारी संघ के प्रदेश सचिव विनोद बोयत मौजूद रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने प्रदेश सरकार के स्तर पर लंबित मांगों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी और संगठन के कार्यकर्ताओं को अपने हक के लिए सदैव संगठित और सक्रिय रहने का आह्वान किया। ज्ञापन का वाचन करते हुए जिला सहमंत्री अनूप चौधरी ने बताया कि भारतीय मजदूर संघ ने विभिन्न शासकीय कर्मचारी, अद्र्ध शासकीय, दैनिक वेतन भोगी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, नगरीय निकायों के कर्मचारियों, रेलवे, डाक विभाग, पेंशनर्स आदि सहित विभिन्न कारखानों में काम करने वाले श्रमिकों, की विभिन्न मांगों को समाहित करते हुए 45 सूत्रीय ज्ञापन तैयार किया है। इसमें प्रमुख रूप से श्रम कानूनों का सभी क्षेत्रों एवं श्रमिक वर्गों में बिना किसी अपवाद के सख्ती से और सार्वभौमिक रूप से पालन सुतनिश्चित किया जाए, ‘अंत्योदय’ की भावना के अनुरूप। ईपीएस-95 के अंतर्गत न्यूनतम पेंशन 1,000 से बढाकर 7,500 रुपए प्रतिमाह की जाए, साथ ही महंगाई राहत प्रदान की जाए तथा आयुष्मान भारत योजना से जोड़ा जाए। ईएसआई और ईपीएफ की कवरेज सीमा बढ़ाकर अधिकाधिक श्रमिकों को लाभान्वित किया जाए। ईएसआईसी की वेतन सीमा 21,000 से बढ़ाकर 42,000 तथा ईपीएफ की सीमा 15,000 से बढ़ाकर 30,000 की जाए। भुगतान बोनस अधिनियम, 1965 के अंर्तशत बोनस पात्रता की सीमा वर्तमान वेतन स्तर के अनुरूप बढ़ाई जाए। संविधान के अनुच्छेद 14, 15, 16 और 21 में निहित सिद्वांतों के अनुरूप योजना कर्मियों और संविदा कर्मियों का नियमितिकरण किया जाए। सामान्य भती पर लगी रोक तत्काल हटाई जाए तथा रोजगार की गारंटी और सेवा सुरक्षा सुनिश्चित की गई है।

इन मांगों को जल्द से जल्द पूरा करने की मांग मुख्यमंत्री से की गई है। कार्यक्रम का संचालन जिला मंत्री विनीत दुबे ने किया एवं आभार राम परमार ने व्यक्त किया।

सभा के पश्चात सभी कार्यकर्ता भोपाल नाके से रैली के रूप में नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे जहां मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा गया। कार्यक्रम में भारतीय मजदूर संघ से संबंद्ध विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं सहित जिले भर से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही।  


Post a Comment

0 Comments