स्टैंडिंग कमेटी की बैठक में हुआ मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन अंतिम प्रकाशन के अनुसार जिले में कुल 9 लाख 97 हजार 846 मतदाता किए गए दर्ज पहले जिले में थे 1257 मतदान केंद्र, अब हुए 1367


सीहोर, 21 फरवरी 2026 कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री बालागुरू के. के निर्देशानुसार मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर-2026) के पश्चात कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में जिले की मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया गया। इस दौरान कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में स्टैंडिंग कमेटी की बैठक भी आयोजित की गई। बैठक में अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री वृंदावन सिंह ने सभी राजनीतिक दलों के सदस्यों के समक्ष मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया।

  मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर-2026) से पहले 27 अक्टूबर 2025 की स्थिति में जिले में कुल 10 लाख 26 हजार 574 मतदाता दर्ज थे, जबकि प्रारूप प्रकाशन के समय 23 दिसंबर 2025 को यह संख्या 9 लाख 83 हजार 143 रही। अंतिम प्रकाशन 21 फरवरी 2026 के अनुसार जिले में कुल 9 लाख 97 हजार 846 मतदाता दर्ज किए गए हैं। विधानसभा क्षेत्र बुधनी में 2 लाख 74 हजार 509, आष्टा में 2 लाख 82 हजार 58, इछावर में 2 लाख 27 हजार 640 तथा सीहोर विधानसभा क्षेत्र में 2 लाख 13 हजार 639 मतदाता अंतिम रूप से सूचीबद्ध किए गए हैं।

  विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान जिले में कुल 10 लाख 26 हजार 574 मतदाताओं के विरुद्ध 9 लाख 71 हजार 808 मतदाताओं की सफल मैपिंग की गई, जबकि 11 हजार 335 मतदाता नॉन-मैपिंग श्रेणी में रहे तथा 43 हजार 431 मतदाता अनुपलब्ध अथवा अप्राप्य पाए गए। पुनरीक्षण के पश्चात तैयार ड्राफ्ट मतदाता सूची में कुल 9 लाख 83 हजार 143 मतदाता सम्मिलित किए गए थे।

 मतदान केन्द्रों के युक्तियुक्तकरण के तहत जिले में मतदान सुविधाओं का विस्तार भी किया गया है। पूर्व में जिले में कुल 1257 मतदान केन्द्र संचालित थे, जिनमें 110 नए मतदान केन्द्र जोड़ते हुए अब कुल 1367 मतदान केन्द्र स्थापित किए गए हैं। इनमें बुधनी विधानसभा में 390, आष्टा में 375, इछावर में 308 तथा सीहोर विधानसभा क्षेत्र में 294 मतदान केन्द्र निर्धारित किए गए हैं, जिससे मतदाताओं को मतदान के लिए बेहतर और सुगम सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

 जिले की जनसंख्या एवं मतदाता अनुपात के आधार पर अंतिम प्रकाशन के अनुसार जिले का कुल ईपी (Elector Population) रेशियो 61.87 प्रतिशत दर्ज किया गया है, जबकि जेंडर रेशियो 927 रहा। कुल मतदाताओं में 5 लाख 17 हजार 850 पुरुष, 4 लाख 79 हजार 974 महिला तथा 22 अन्य श्रेणी के मतदाता शामिल हैं। विधानसभा क्षेत्रवार जेंडर रेशियो में बुधनी 922, आष्टा 927, इछावर 914 तथा सीहोर 946 दर्ज किया गया है।

   स्टैंडिंग कमेटी की बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को मतदाता सूची पुनरीक्षण की पूरी प्रक्रिया, संशोधन, नाम जोड़ने-हटाने तथा अंतिम आंकड़ों की जानकारी विस्तार से दी गई। उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री वृंदावन सिंह ने बताया कि निर्वाचन प्रक्रिया को पारदर्शी, त्रुटिरहित एवं समावेशी बनाने के उद्देश्य से विशेष गहन पुनरीक्षण किया गया है, जिससे पात्र नागरिकों को मताधिकार सुनिश्चित किया जा सके। बैठक में भाजपा के श्री आशीष पचौरी, इंडियन नेशनल कांग्रेस के श्री घनश्याम यादव, श्री विवेक राठौर, बसपा के श्री एनपी सागर, आम आदमी पार्टी के श्री चेतन कुमार उपस्थित थे।



 



Post a Comment

0 Comments