सात दिवसीय वार्षिक शिविर के द्वितीय दिवस हुए कई कार्यक्रम आयोजित


सीहोर। वीआईटी भोपाल विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा आयोजित सात दिवसीय वार्षिक शिविर 2026 के द्वितीय दिवस की शुरुआत ग्राम बोरखेड़ा में प्रभात फेरी के साथ की गई। इस दौरान स्वयंसेवकों द्वारा भजनों के गायन के साथ-साथ सामाजिक विषयों पर जागरूकता संदेशों का प्रसार किया गया, जिससे ग्रामवासियों में सकारात्मक एवं प्रेरणादायक वातावरण निर्मित हुआ।

प्रभात फेरी के उपरांत आज सात दिवसीय एनएसएस वार्षिक शिविर 2026 की औपचारिक शुरुआत एक गरिमामयी उद्घाटन सत्र के साथ संपन्न हुई। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के माननीय वाइस प्रेसिडेंट श्री शंकर विश्वनाथन, प्रो वाइस चांसलर डॉ. टी. बी. श्रीधरन, शासकीय माध्यमिक विद्यालय, बोरा खेड़ा के प्रधानाचार्य श्री बिजेंद्र सिंह वर्मा तथा सरपंच श्रीमती मानकुँवर बाई की गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने ग्राम विकास, सेवा भावना एवं सामाजिक दायित्वों से जुड़े विषयों पर अपने प्रेरक विचार व्यक्त किए। माननीय वाइस प्रेसिडेंट श्री शंकर विश्वनाथन ने ग्रामीणों को स्वच्छ एवं समृद्ध गाँव के निर्माण हेतु प्रेरित किया। उन्होंने स्वास्थ्य की दृष्टि से गरम पानी पीने की सलाह दी तथा ग्रामीण बच्चों को विश्वविद्यालय की डिस्ट्रिक स्कीम से अवगत कराते हुए उन्हें मन लगाकर अध्ययन करने के लिए प्रोत्साहित किया।

इसके पश्चात स्वयंसेवकों द्वारा विभिन्न सामाजिक विषयों पर चार अलग-अलग जागरूकता रैलियों का आयोजन किया गया। इन रैलियों के माध्यम से महिला सशक्तिकरण एवं सामाजिक जागरूकता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर संदेश ग्रामीणों तक पहुँचाया गया। सुश्री दीप्ति भोजवानी द्वारा ग्राम स्थित विद्यालय में ग्रामीण बच्चों को शिक्षण प्रदान किया गया, जिससे बच्चों में सीखने के प्रति रुचि एवं उत्साह देखने को मिला। शाम के समय एनएसएस खेलकूद गतिविधियों का आयोजन किया गया तथा स्वयंसेवकों द्वारा शिवसती से शिव-पार्वती विषय पर आधारित एक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया।

द्वितीय दिवस की समस्त गतिविधियाँ कार्यक्रम अधिकारी डॉ. विनोद भट्ट, डॉ. देव व्रत गुप्ता, डॉ. गीतांजली गिरि एवं सुश्री दीप्ति भोजवानी के मार्गदर्शन में संपन्न हुईं।



Post a Comment

0 Comments