प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस चंद्रशेखर आज़ाद शासकीय स्नातकोत्तर अग्रणी महाविद्यालय सीहोर की ऐन ऐस ऐस की छात्रा इकाई के सात दिवसीय विशेष शिविर का तृतीय दिवस ग्राम बीजौरी में सामाजिक जागरूकता और स्वास्थ्य संवर्धन गतिविधियों के साथ उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। शिविर के अंतर्गत स्वयंसेविकाओं ने परियोजना कार्य के रूप में “नशामुक्ति” विषय पर प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। इस नाटक के माध्यम से ग्रामीणों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया गया तथा स्वस्थ और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।
बौद्धिक सत्र के अंतर्गत स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें महिला स्वास्थ्य एवं मानसिक स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन प्रदान किया गया। इस अवसर पर डॉ. अना सादिक, डॉ. अज़हर बेग, श्री ममतेश राठौर, श्रीमती राजकुमारी मेवाड़ा तथा आशा सुपरवाइज़र श्रीमती रीना राठौर ने अपने प्रेरक उद्बोधन में महिलाओं के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने की आवश्यकता पर बल दिया। साथ ही, विशेषज्ञों की टीम ने शिविर में उपस्थित स्वयंसेविकाओं का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया तथा उन्हें आवश्यक परामर्श प्रदान किया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रोहिताश्व कुमार शर्मा ने एनएसएस की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास एवं व्यावहारिक कौशल वृद्धि का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि एनएसएस के माध्यम से छात्र-छात्राएं समाज सेवा के साथ-साथ नेतृत्व, संवाद एवं संगठनात्मक क्षमता जैसे गुणों का विकास करते हैं, जो उनके भविष्य के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होते हैं।
इस अवसर पर महाविद्यालय से डॉ. नितिन बातव, डॉ. हुमा अख्तर, डॉ. संजय पांडेय, डॉ. मनोज कुमार शर्मा तथा वैभव बड़ोनिया तथा अन्य प्राध्यापकगण उपस्थित रहे।

0 Comments