वर्ष 2025 में सीहोर पुलिस की बड़ी कार्रवाई मादक पदार्थों के खिलाफ एक हजार से अधिक आरोपियों पर प्रकरण दर्ज

 सीहोर, 04 जनवरी, 2026  जिले को नशामुक्त बनाने और मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर पूर्ण अंकुश लगाने के उद्देश्य से वर्ष 2025 के दौरान सीहोर पुलिस ने व्यापक एवं प्रभावी अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक श्री दीपक कुमार शुक्ला के निर्देशानुसार की गई सुनियोजित कार्यवाहियों में आबकारी अधिनियम एवं एनडीपीएस एक्ट के तहत एक हजार से अधिक आरोपियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किए गए।

पुलिस की सक्रिय निगरानी, मजबूत मुखबिर तंत्र, तकनीकी संसाधनों के प्रभावी उपयोग तथा फील्ड स्तर पर त्वरित कार्रवाई के चलते अवैध शराब एवं मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त आपराधिक तत्वों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की गई।

आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई

वर्ष 2025 में जिले में आबकारी अधिनियम के अंतर्गत कुल 983 प्रकरण पंजीबद्ध किए गए, जिनमें 1004 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान 7,832.265 लीटर अवैध शराब जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत ₹33.07 लाख आंकी गई है।

कार्रवाई के दौरान 15 कार, 12 मोटरसाइकिल एवं 1 नाव भी जब्त की गई।

अवैध शराब के विरुद्ध प्रमुख उपलब्धियों में थाना शाहगंज द्वारा 680 लीटर शराब (₹4.73 लाख) जब्ती, थाना गोपालपुर में कार सहित 318 लीटर, थाना जावर में मारुति वैन सहित 206 लीटर, थाना सिद्दीकगंज में 110 लीटर तथा थाना भेरूंदा में 114 लीटर शराब की जब्ती शामिल है।

एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत सख्त कदम

एनडीपीएस एक्ट के तहत वर्ष 2025 में कुल 25 प्रकरण दर्ज कर 30 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने 59.846 किलोग्राम गांजा जब्त किया, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत ₹9.68 लाख है। इस दौरान 1 कार एवं 4 मोटरसाइकिल भी जब्त की गईं।

प्रमुख मामलों में थाना जावर में 16 किग्रा गांजा सहित 4 आरोपी, थाना आष्टा में 11.5 किग्रा गांजा, थाना कोतवाली में 10.610 किग्रा गांजा, तथा एक अन्य मामले में 3.99 किग्रा गांजा, ₹14.45 लाख नकद एवं स्कूटी जब्त की गई। एक आरोपी के विरुद्ध PIT-NDPS एक्ट के तहत कठोर कार्रवाई भी की गई।

जागरूकता अभियान भी जारी

कार्रवाई के साथ-साथ पुलिस द्वारा “नशे से दूरी है जरूरी” अभियान के अंतर्गत वर्ष 2025 में लगभग 60 हजार नागरिकों को जागरूक किया गया।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के अवैध व्यापार में लिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।

Post a Comment

0 Comments