सीहोर। भारत रत्न बाबासाहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर की फोटो को फाड़ने का मामला सामने आया है। बाबा साहब का यहां फोटो नगर पालिका परिषद के द्वारा बीएसएनएल कार्यालय के सामने उपवन में डॉ भीमराव अंबेडकर के नाम के ऊपर लगाई गई थी । घटना से नागरिकों बसपा कार्यकर्ताओं में काफी आक्रोश है और बाबा साहब की फोटो को फाड़े जाने की घटना को अत्यंत निंदनीय, शर्मनाक एवं असामाजिक कृत्य बताया गया है।
बहुजन समाज पार्टी जिला अध्यक्ष संदीप बोध ने कहा कि बाबासाहब केवल एक महान व्यक्तित्व ही नहीं, बल्कि भारतीय संविधान, समानता, सामाजिक न्याय और मानव गरिमा के प्रतीक हैं। उनकी फोटो को क्षति पहुँचाना देश के संवैधानिक मूल्यों पर सीधा आघात है।
यह घटना समाज में नफरत फैलाने और आपसी सौहार्द को बिगाड़ने का सुनियोजित प्रयास प्रतीत होती है, जिसे किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। हम जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन से मांग करते हैं कि दोषियों की शीघ्र पहचान कर उनके विरुद्ध कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाए तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने हेतु प्रभावी एवं सख़्त कदम उठाए जाएँ।
साथ ही, टूटी हुई प्रतिमा को तत्काल पुनः स्थापित किया जाए तथा क्षेत्र में शांति, सद्भाव और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक उपाय सुनिश्चित किए जाएँ। हम सभी नागरिकों से शांति बनाए रखने और संविधान तथा लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए एकजुट रहने की अपील करते हैं।

0 Comments