रोमांचक मैच में संकल्प ने संस्कार मंच को पांच रन से हराया उपेन्द्र ने खेली 66 रन की विस्फोटक पारी, हरीश ने किए तीन विकेट हासिल


सीहोर। शहर के सैकड़ाखेड़ी स्थित संकल्प नशा मुक्ति केन्द्र पर दो दिवसीय क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस मौके पर बुधवार की दोपहर में एक मैच खेला गया। इसमें रोमांचक मैच में संकल्प केन्द्र ने संस्कार मंच को पांच रन से हराया। इस मैच में संकल्प टीम के कप्तान उपेन्द्र सेंगर ने 66 रन की विस्फोटक पारी खेली, वहीं हरीश शर्मा ने तीन विकेट लिए। मैच के अंत में केन्द्र के संचालक राहुल सिंह, संस्कार मंच के मनोज दीक्षित मामा, धर्मेन्द्र माहेश्वरी, ज्योतिष पंडित कुणाल व्यास आदि ने संयुक्त रूप से मैन आफ द मैच का पुरस्कार संकल्प के कप्तान उपेन्द्र सेंगर और गेंदबाज हरीश शर्मा को दिया। अब गुरुवार को श्रद्धा भक्ति सेवा समिति और सीहोर ग्रीन के मध्य मैच खेला जाएगा। इसके बाद विजेता टीम का फाइनल संकल्प केन्द्र से होगा।

बुधवार को दोपहर में टास जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी संकल्प केन्द्र की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 145 रन बनाए थे। इसमें कप्तान उपेन्द्र सेंगर ने 66 रन, सोनू ने 25 रन, कार्तिक ने 24 रन के अलावा हरीश शर्मा ने 22 रन की पारी खेली। इधर संस्कार मंच की ओर से गेंदबाजी करते हुए भानू चौधरी, धीरज, आकाश राय ने दो-दो विकेट हासिल किए। वहीं लक्ष्य का पीछा करने उतरी संस्कार मंच की शुरूआत खराब रही, उनके सलामी बल्लेबाज हर्षित बुन्देला-राजेश 10 रन के अंतराल पर आउट हो गए। इसके पश्चात जैसे-तैसे धीरज ने 44 रन और आकाश ने 38 रन की पारी खेलते हुए टीम को 140 रन के स्कोर तक पहुंचाया। इधर संकल्प केन्द्र की ओर से गेंदबाजी करते हुए हरीश शर्मा-नंद किशोर ने तीन-तीन विकेट हासिल किए। 


Post a Comment

0 Comments