सीहोर, 03 जनवरी, 2026 सीहोर पुलिस द्वारा वर्ष 2025 में जागरूकता को अपराध रोकथाम का सशक्त माध्यम बनाते हुए व्यापक स्तर पर प्रभावी कार्य किया गया। पुलिस अधीक्षक सीहोर श्री दीपक कुमार शुक्ला के निर्देशानुसार “जागरूकता से अपराध रोकथाम” की अवधारणा के तहत जिले भर में जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
उप पुलिस अधीक्षक महिला शाखा सुश्री पूजा शर्मा के नेतृत्व में यातायात पुलिस, साइबर सेल एवं महिला सुरक्षा शाखा के सहयोग से जिला स्तर पर विशेष जागरूकता टीम का गठन किया गया। इस टीम द्वारा वर्ष 2025 के दौरान जिले में कुल 1562 जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनके माध्यम से 3 लाख 23 हजार 705 नागरिकों से सीधा संवाद स्थापित कर उन्हें जागरूक किया गया।
ये जागरूकता कार्यक्रम सार्वजनिक स्थानों, छात्रावासों, स्कूल–कॉलेजों एवं धार्मिक स्थलों पर आयोजित किए गए। कार्यक्रमों के दौरान महिला सुरक्षा एवं महिला अपराधों से बचाव, सड़क सुरक्षा, साइबर अपराधों से सुरक्षा, नशा मुक्ति, अपराधों के दुष्परिणाम एवं उनसे बचाव के उपाय जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर नागरिकों को जानकारी दी गई।
इसके साथ ही पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा संचालित अभियानों सेफ क्लिक, मुस्कान अभियान, नशा मुक्ति अभियान – नशे से दूरी है जरूरी, मैं हूँ अभिमन्यु, साइबर जागरूकता, ऑपरेशन एहसास एवं सड़क सुरक्षा अभियानों के अंतर्गत भी वर्षभर विभिन्न गतिविधियां संचालित की गईं।
जिला पुलिस सीहोर ने संदेश दिया है कि “जागरूक समाज ही सुरक्षित समाज की नींव है।”
पुलिस द्वारा कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ अपने सामाजिक दायित्वों का भी प्रभावी निर्वहन किया गया है। भविष्य में भी इसी प्रतिबद्धता, संवेदनशीलता एवं सक्रियता के साथ जनजागरूकता और अपराध रोकथाम के कार्यक्रम निरंतर जारी रहेंगे।
0 Comments