सीहोर। शहीदों के बलिदान को हम भूलेंगे नहीं और किसी को भूलने भी नहीं देंगे। समाधि स्थल और दोराहा संधी में शहीद हुए वीर स्वतंत्रता सैनानियों देश भक्तों को नमन करेंगे। शहीद समाधि स्थल पर होने वाले श्रद्धांजली कार्यक्रम को इस वर्ष ऐतिहासिक बनाएंगे उक्त बात शुक्रवार को विधायक कार्यालय में आयोजित हुई मकर संक्रांति के अवसर पर समाधि स्थल पर होने वाले कार्यक्र मो लेकर बैठक में विधायक सुदेश राय ने कही। बैठक के दौरान आनंद गांधी ने सैकड़ाखेड़ी मार्ग स्थित शहीद समाधि स्थल के इतिहास पर प्रकाश डाला। बड़ी में संख्या में शहर के जनप्रतिनिधि, समाजसेवी,पत्रकार और गणमाननीय नागरिक उपस्थित रहे। अनेक विशिष्ठजनों ने कार्यक्रम को लेकर अपने विचार प्रकट किए।
विधायक सुदेश राय की अध्यक्षता में आयोजित हुई बैठक में शहीद समाधि स्थल पर बुधवार 14 जनवरी को होने वाले कार्यक्रम को लेकर विस्तार पूर्वक चर्चा कर रूपरेखा तैयार की गई। जिस में पहली बार जिला मुख्यालय के इतिहास में मकर संक्रांति पर एक आधुनिक और भव्य तकनीकी प्रस्तुति होने जा रही है। 14 जनवरी, बुधवार को सीहोर क्रांति अमरवीर वंदन कार्यक्रम के अंतर्गत सैकड़ाखेड़ी मार्ग स्थित शहीद समाधि स्थल पर लेजर शो का आयोजन किया जाएगा।
विधायक सुदेश राय ने बताया कि दिल्ली से आ रही सुविख्यात इवेंट कंपनी द्वारा इस कार्यक्रम की तैयारी की जा रही है। शो के दौरान लेजर किरणों के माध्यम से आसमान में करीब 40 फीट की ऊंचाई पर सीहोर क्रांति पर आधारित एक लघु फिल्म दिखाई जाएगी। आधुनिक लाइट और दमदार साउंड के साथ 1857 के शहीदों के बलिदान को आसमान पर उकेरा जाएगा। लेजर शो के साथ-साथ प्रसिद्ध ऑर्केस्ट्रा कलाकारों द्वारा देशभक्ति गीतों की शानदार प्रस्तुति दी जाएगी। शाम 6 बजे से शुरू होने वाले इस कार्यक्रम में संगीत और तकनीक के माध्यम से शहीदों को वंदन किया जाएगा। आयोजन समिति के सदस्यों ने सीहोर के सभी नागरिकों से इस अनूठे कार्यक्रम को देखने के लिए अपने परिवार और विशेषकर बच्चों के साथ शहीद समाधि स्थल पहुँचने की अपील की है।

0 Comments