कॉलेज चलो अभियान के तहत स्कूलों का भ्रमण कर विद्यार्थियों को कॉलेज में प्रवेश के लिए किया जा रहा है प्रेरित

सीहोर, 31 दिसंबर, 2025 उच्च शिक्षा विभाग शासन के निर्देशानुसार सीहोर के पीएम कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस द्वारा “कॉलेज चलो अभियान” का प्रभावी संचालन किया जा रहा है। यह अभियान ई-प्रवेश सत्र 2026–27 के अंतर्गत विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के अवसरों, पाठ्यक्रमों, प्रवेश प्रक्रिया तथा करियर संभावनाओं से अवगत कराने के लिए संचालित किया जा रहा है।

  कॉलेज प्राचार्य डॉ रोहिताश्व शर्मा ने बताया कि अभियान के अंतर्गत कॉलेज की टीम द्वारा शासकीय एवं अशासकीय स्कूलों का भ्रमण कर कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों को ई-प्रवेश प्रक्रिया, उपलब्ध पाठ्यक्रम, करियर अवसरों तथा राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के प्रमुख प्रावधानों—बहुविषयक शिक्षा, क्रेडिट बैंक, कौशल आधारित पाठ्यक्रम, विषय चयन आदि—की जानकारी सरल एवं व्यावहारिक रूप में दी जा रही है। स्कूल–कॉलेज संपर्क कार्यक्रम के अंतर्गत स्कूलों में विज़िट तथा आओ–जानें महाविद्यालय कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को कॉलेज की शैक्षणिक सुविधाएँ, प्रयोगशालाएँ, पुस्तकालय, स्मार्ट कक्षाएँ, खेल परिसर एवं अन्य आधारभूत संसाधनों का अवलोकन कराया जा रहा है। इसी क्रम में टीम द्वारा जिले के अनेक स्कूलों में जाकर विद्यार्थियों से चर्चा की और उन्हें आगे की शिक्षा को जारी रखते हुए कॉलेज में प्रवेश लेने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान प्राध्यापक डॉ राजकुमार राय सहित टीम के अन्य सदस्य उपस्थित थे।

Post a Comment

0 Comments