सीहोर। जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा नववर्ष 2026 के पहले ही दिन संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती देने के लिए एक महामंथन का आयोजन किया जा रहा है। मध्य प्रदेश कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के तहत अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव एवं प्रदेश सह प्रभारी संजय दत्त एक जनवरी को पहली बार सीहोर के प्रवास पर रहेंगे। उनके आगमन को लेकर जिले भर के कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजीव गुजराती ने बताया कि गुरुवार एक जनवरी को लुनिया चौराहा स्थित यशराज गार्डन में बैठकों का एक सघन सिलसिला चलेगा। लगभग साढ़े चार घंटे के इस मैराथन सत्र में कुल पांच अलग-अलग बैठकें आयोजित की जाएंगी। कार्यक्रम की शुरुआत दोपहर 3.30 बजे जिला समन्वय समिति की बैठक से होगी। इसके बाद शाम 5.30 बजे से लेकर रात 7.30 बजे तक बुधनी, आष्टा, इछावर और सीहोर विधानसभा की अलग-अलग समीक्षा बैठकें होंगी।
कार्यकर्ताओं से होगा सीधा संवाद
सह प्रभारी संजय दत्त के साथ जिला प्रभारी जयश्री हरिकरण सहित चारों विधानसभाओं के प्रभारी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। इन बैठकों का मुख्य उद्देश्य बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करना और कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद कर आगामी चुनौतियों के लिए रणनीति तैयार करना है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजीव गुजराती ने इस महा बैठक के लिए जिले के सभी वरिष्ठ नेताओं, पूर्व विधायकों, ब्लॉक अध्यक्षों, पूर्व जिला अध्यक्षों और मंडल-सेक्टर के पदाधिकारियों को आमंत्रित किया है। साथ ही युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, महिला कांग्रेस, किसान कांग्रेस, अल्पसंख्यक, एससी-एसटी प्रकोष्ठ सहित सभी विभागों के कार्यकर्ताओं से आयोजन में शामिल होने की अपील की है।

0 Comments