ग्रामीण जन को न्यायाधीश ने दी पर्यावरण संरक्षण एवं कानूनों की जानकारी

 सीहोऱ, 27 दिसम्बर 2025, प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सीहोर श्री प्रकाश चंद्र आर्य के मार्गदर्शन में ग्राम पंचायत लाडकुई में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान न्यायाधीश एवं सचिव श्रीमती स्वप्नश्री सिंह ने नालसा द्वारा शीत ऋतु के दौरान पर्यावरण, विशेष रूप से वायु गुणवत्ता में हो रही निरंतर गिरावट को दृष्टिगत रखते हुए प्रारंभ की गई “प्रोटेक्ट टुडे, सिक्योर टुमारो” पैन-इंडिया पर्यावरण विधिक साक्षरता एवं सामुदायिक संरक्षण पहल के संबंध में विस्तार से जानकारी दी तथा पर्यावरण प्रदूषण की रोकथाम एवं इसके प्रति जनजागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने ग्रामीणों को दैनिक जीवन में पर्यावरण संरक्षण के उपाय अपनाने हेतु प्रेरित किया। इसके साथ ही मध्यप्रदेश अपराध पीड़ित प्रतिकर योजना 2015, महिलाओं के अधिकार, घरेलू हिंसा से संरक्षण, भरण-पोषण, पॉक्सो अधिनियम, दहेज प्रतिषेध अधिनियम, नालसा एवं सालसा की विभिन्न योजनाओं तथा निःशुल्क विधिक सहायता एवं परामर्श की जानकारी भी सरल भाषा में दी गई।

  कार्यक्रम में गुड टच-बैड टच, एससी-एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम सहित अन्य महत्वपूर्ण कानूनी प्रावधानों पर भी चर्चा की गई। शिविर के दौरान ग्रामीण जनों द्वारा पूछे गए प्रश्नों का न्यायाधीश एवं अधिकारियों द्वारा सहज और स्पष्ट शब्दों में समाधान किया गया, जिससे ग्रामीणों में कानून के प्रति जागरूकता एवं विश्वास में वृद्धि हुई। जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री जीशान खान, ग्राम पंचायत के सरपंच, आंगनबाड़ी, आशा कार्यकर्ता व सहायिकाएं सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण जन उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments