अपर कलेक्टर श्री वृंदावन सिंह की अध्यक्षता में बैठक में दी गई विस्तृत जानकारी 04 नवंबर से 04 दिसंबर तक संचालित किया जाएगा घर-घर जाकर गणना चरण 07 फरवरी 2026 को प्रकाशित की जाएगी अंतिम मतदाता सूची



सीहोर, 28 अक्टूबर, 2025  कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में अपर कलेक्टर श्री वृंदावन सिंह की अध्यक्षता में जिले के मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision - SIR) के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान करना और राजनीतिक दलों को इस प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रोत्साहित करना था।

   बैठक में अपर कलेक्टर श्री वृंदावन सिंह ने पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से जानकारी देते हुए बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार शुद्ध एवं अद्यतन मतदाता सूची लोकतंत्र की सशक्त नींव है। वर्ष 2002-2004 के बाद अब लगभग 21 वर्षों पश्चात यह विशेष गहन पुनरीक्षण पुनः किया जा रहा है, जिससे प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित किया जा सके तथा अपात्रों के नाम हटाए जा सकें।

   अपर कलेक्टर श्री सिंह ने बताया कि मतदाता सूची के इस पुनरीक्षण की प्रक्रिया के तहत ईआरओ एवं एईआरओ प्रत्येक मतदाता के लिए विशिष्ट गणना प्रपत्र 27 अक्टूबर 2025 तक की स्थिति में तैयार करेंगे और इस गणना प्रपत्र में वर्तमान मतदाता सूची में सम्मिलित आवश्यक जानकारी होगी। प्रत्येक मतदान केंद्र पर एक बूथ लेवल अधिकारी (BLO) नियुक्त किया गया है, जो घर-घर जाकर मतदाताओं से गणना प्रपत्र भरवाएंगे, उनका सत्यापन करेंगे और आवश्यकतानुसार संशोधन या विलोपन की कार्रवाई करेंगे। उन्होंने कहा कि BLO द्वारा यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे और कोई अपात्र नाम सूची में शामिल न हो।

इस अभियान के अंतर्गत 04 नवंबर से 04 दिसंबर 2025 तक घर-घर जाकर गणना चरण संचालित किया जाएगा। इसके बाद 9 दिसंबर 2025 को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। दावे और आपत्तियाँ 9 दिसंबर 2025 से 8 जनवरी 2026 तक ली जाएंगी। नोटिस चरण (सुनवाई एवं प्रमाणीकरण) की प्रक्रिया 31 जनवरी 2026 तक चलेगी तथा अंतिम मतदाता सूची 7 फरवरी 2026 को प्रकाशित की जाएगी।

 बैठक में बताया गया कि बीएलओ मतदाताओं से संपर्क कर उनके पुराने मतदाता विवरण को पिछले एसआईआर (2002-2004) से लिंक करेंगे तथा नए नाम जोड़ने के लिए फॉर्म-6, विलोपन हेतु फॉर्म-7 और सुधार या स्थानांतरण हेतु फॉर्म-8 भरवाएंगे। इस प्रक्रिया में राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट्स भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्हें भी प्रशिक्षित किया जाएगा ताकि वे मतदाताओं के प्रपत्र एकत्र कर सकें और शुद्ध सूची बनाने में सहयोग कर सकें।

    अपर कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि यह अभियान निर्वाचन प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी, त्रुटिरहित और समावेशी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से अपील की है कि वे अपने बूथ एजेंट्स के माध्यम से मतदाता सूची पुनरीक्षण में पूर्ण सहयोग दें, ताकि जिले की मतदाता सूची पूर्णतः शुद्ध एवं अद्यतन तैयार हो सके। बैठक में भाजपा जिला अध्यक्ष श्री नरेश मेवाड़ा, कांग्रेस जिला अध्यक्ष श्री राजीव गुजराती, बीएसपी के श्री एनपी सागर, श्री मनीष मेवाड़ा, श्री केके रिझा‍रिया, श्री आशीष पचौरी, श्री नरेंद्र राजपूत, श्री नरसिंह भारती सहित निर्वाचन पर्यवेक्षक श्री आदित्य कर्वे एवं अन्य अधिकारी एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित थे

Post a Comment

0 Comments