किसान भारतीय अर्थव्यवस्था की रीढ़ है - मुख्यमंत्री डॉ यादव अब सोलर पंप के माध्यम से बिजली बिल की चिंता से किसानों को मुक्त करेगी सरकार - मुख्यमंत्री डॉ यादव मुख्यमंत्री ने की कोलार मेजर लिफ्ट परियोजना में बिलकिसगंज के आसपास के 44 गांवों को शामिल करने की घोषणा मुख्यमंत्री ने की इछावर नगर परिषद को विकास कार्यों के लिए विशेष निधी से अनुदान देने की घोषणा मुख्यमंत्री ने सीहोर जिले के दो लाख से अधिक किसानों के खाते में अंतरित की 118 करोड़ से अधिक की फसल क्षति राहत राशि मुख्यमंत्री ने सीहोर में किया 69 करोड़ रूपये से अधिक के विकास एवं निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन




सीहोर, 18 अक्टूबर, 2025  मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सीहोर जिले के बिलकिसगंज में आयोजित कार्यक्रम में पीला मोजेक, कीट व्याधि एवं अतिवृष्टि से हुई सोयाबीन फसल क्षति से प्रभावित सीहोर जिले के 2,05,977 किसानों के खाते में 118 करोड़ 41 लाख रूपये की राहत राशि अंतरित की। इसके साथ ही मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जिले के 69 करोड़ 38 लाख 36 हजार रूपये के विकास एवं निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन भी किया। इस अवसर पर उन्होंने पीएम आवास सहित विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किए।

    इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि आज धनतेरस के शुभ अवसर पर किसानों की चिंता को दूर करने के लिए सरकार द्वारा राहत रा‍हत राशि प्रदान की जा रही है। उन्होंनें कहा कि हमारी सरकार किसान, गरीब, महिला और वंचित वर्गों की सरकार है। उन्होंने कहा कि किसान भारतीय अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। हमारी सरकार किसानों की समृद्धि के लिए निरंतर कार्य कर रही है और उनके साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि किसानों को अभी केवल राहत राशि दी जा रही है, अभी फसलों का बीमा मिलना बाकी है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार का उद्देश्य है कि किसानों को उनकी फसलों का उचित दाम मिले इसके लिए हमारी सरकार किसानों की फसलों का निरंतर समर्थन मूल्य बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि सोयाबीन किसानों को उनकी फसल का उचित दाम मिले इसके लिए सरकार द्वारा भावांतर योजना प्रारंभ की गई है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि सीमा पर जवान और खेत में किसान, अपने-अपने तरीके से देश की सेवा करते हैं। हमारी सरकार के लिए दोनों का ही सम्मान सर्वोपरि है। राज्य सरकार किसान कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। सिंचाई सुविधा हो या किसानों को उनकी फसलों का उचित मूल्य दिलाना, हमारी सरकार हर कदम पर किसान संबंधी विषयों में संवेदनशीलता के साथ सक्रिय है। प्रदेश में कभी सिंचाई का रकबा मात्र साढ़े 7 लाख हेक्टेयर था और हमारी सरकार आने के बाद सिंचाई का रकबा 53 लाख हेक्टेयर तक पहुंच गया है।

   राज्य सरकार सोयाबीन किसानों को भी फसल का उचित दाम दिला रही है। अब कोदो-कुटकी भी सरकार खरीद रही है। संभवत: वर्ष 2028 तक सरकार 6000 रुपए प्रति क्विंटल से अधिक दाम पर सोयाबीन खरीदेगी। राज्य सरकार अगले वर्ष 2700 रुपए प्रति क्विंटल की दर से गेहूं खरीदेगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने किसानों और जवानों का समय बदलने के लिए विशेष प्रयास किया है। किसानों का जीवन सुगम बनाने के लिए हर स्तर पर गतिविधियां संचालित की जा रही है। स्कूली बच्चों को किताबें और ड्रेस नि:शुल्क दी जा रही है। प्रदेश की 1.27 करोड़ बहनों को हर माह लाड़ली बहना योजना का लाभ मिल रहा है। दीपावली के बाद अब भाई दूज पर भी 250 रुपए अतिरिक्त दिए जाएंगे। अगले महीने से हर माह लाड़ली बहनों को 1500 रुपए की राशि भेजी जाएगी।

    मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने किसानों को सोलर पंप लगाने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि पहले 5 लाख रुपए तक के 5 हॉर्स पावर के पंप के लिए किसानों को 2 लाख रुपए खुद से लगाने पड़ते थे, अब सरकार इस पर 90 प्रतिशत का अनुदान दे रही है। राज्य सरकार ने प्रदेश के किसानों को 32 लाख सोलर पंप प्रदान करने का लक्ष्य रखा है। प्रदेश में उद्योग बढ़ाने के लिए सरकार कार्य कर रही है। युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित करने के लिए प्रदेश में लगातार इंडस्ट्री समिट की जा रही हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सीहोर के शरबती गेहूं की सराहना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी का लक्ष्य है कि "सबका साथ, सबका विकास", इस आधार पर हमारी सरकार सभी वर्गों के विकास के लिए निरंतर कार्यरत है। हमारी सरकार का लक्ष्य है कि समाज के प्रत्येक वर्ग का जीवन बेहतर से बेहतर हो और वह अपने क्षेत्र के विकास में भाग ले सके। उन्होंने कहा कि युवाओं के लिए अधिक से अधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध हों, इसके लिए हमारी इन्वेस्टर्स समि‍ट के माध्यम से निरंतर औद्योगिक विकास को बढ़ावा दे रही है। उन्होंने कहा कि हमारा प्रदेश सक्षम बने और सभी क्षेत्रों में देश में नंबर बने यही हमारा लक्ष्य है।

     इस अवसर पर राजस्व मंत्री श्री करणसिंह वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के नेतृत्व में देश एवं प्रदेश निरंतर तरक्की कर रहा है। हमारी सरकार निरंतर समाज के प्रत्येक वर्ग को विकसित बनाने के लिए कार्य कर रही है। सरकार द्वारा गरीबों, किसानों, महिलाओं और बच्चों सहित समाज के प्रत्येक वर्ग के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही है, ताकि समाज के अंतिम पंक्ति के व्यक्ति को भी योजनाओं का लाभ मिले।

Post a Comment

0 Comments