सीहोर, 11 सितंबर, 2025 कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में कलेक्टर श्री बालागुरू के. की अध्यक्षता में विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने जिले में संचालित विकास एवं जनकल्याण से जुड़ी गतिविधियों की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने उद्यम विभाग, श्रम विभाग, शहरी विकास अभिकरण सहित अन्य विभागों की गतिविधियों की विस्तार से समीक्षा की और आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुँचे, इसमें किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
बैठक में उद्योग विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले के अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को स्वरोजगार योजनाओं का लाभ दिलाया जाए। उन्होंने कहा कि स्वरोजगार से जुड़कर लोग आत्मनिर्भर बनते हैं और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ते हैं। उन्होंने जिला योजना अधिकारी को निर्देशित किया कि विधायक एवं सांसद निधि से स्वीकृत राशि को समय पर वितरित किया जाए ताकि इस राशि से होने वाले विकास कार्य निर्धारित समय-सीमा में प्रारंभ और पूर्ण हो सकें।
उन्होंने श्रम विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले में कार्यरत श्रमिकों को श्रम कल्याण योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ दिलाया जाए। निर्माण श्रमिकों की पंजीयन प्रक्रिया में तेजी लाई जाए और उन्हें स्वास्थ्य, शिक्षा और सुरक्षा संबंधी योजनाओं से जोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि श्रमिक वर्ग समाज की महत्वपूर्ण नींव है, ऐसे में उनकी भलाई के लिए शासन द्वारा चलाई जा रही योजनाओं को गंभीरता से लागू किया जाए। कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने अधिकारियों से कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और विकास कार्यों की गति को और तेज़ करें ताकि जिले के नागरिकों को शासन की योजनाओं का त्वरित लाभ मिल सके।
.jpeg)
0 Comments