उत्साह के साथ निकाली गई शहर में चुनरी यात्रा धर्म हमें अच्छे आचरण, सत्य, करुणा और भाईचारे की राह दिखाता है - राजस्व मंत्री श्री वर्मा



सीहोर। सीहोर में विशाल चुनरी यात्रा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर राजस्व मंत्री करणसिंह वर्मा चुनरी यात्रा में शामिल हुए। यात्रा में राजस्व मंत्री वर्मा के साथ भोपाल सांसद आलोक शर्मा, विधायक सुदेश राय, भाजपा जिला अध्यक्ष नरेश मेवाड़ा, नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर सहित अनेक जनप्रतिनिधि और श्रद्धालु शामिल हुए। इस अवसर पर राजस्व मंत्री श्री वर्मा ने देवी माँ की पूजा अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि, जनता के कल्याण और समाज में सद्भाव की कामना की। उन्होंने कहा कि धर्म हमें सत्मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है और हमारे जीवन को सकारात्मक ऊर्जा से भरता है।

इस अवसर पर राजस्व मंत्री श्री वर्मा और सांसद श्री शर्मा ने कहा कि ऐसे आयोजन हमारी संस्कृति और परंपराओं का जीवंत प्रतीक है। माँ शारदा, माँ दुर्गा और माँ भवानी की आराधना हमें साहस, त्याग और सेवा की भावना प्रदान करती है। धर्म का वास्तविक उद्देश्य केवल पूजा-अर्चना तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हमें अच्छे आचरण, सत्य, करुणा और भाईचारे की राह दिखाता है। जब हम धार्मिक आयोजनों में भाग लेते हैं, तो यह न केवल हमारी आस्था को सशक्त बनाता है, बल्कि सामाजिक एकता और राष्ट्रीय भावना को भी मजर्बती देता है। उन्होंने कहा कि हमें धार्मिक अनुष्ठानों से मिली प्रेरणा को अपने जीवन में आत्मसात करना चाहिए और समाज में प्रेम, शांति और सहयोग का वातावरण निर्मित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में धर्म और अध्यात्म से जुडऩा बेहद आवश्यक है। भौतिकवाद की भागदौड़ के बीच धर्म ही हमें संयमित, सहिष्णु और समाजोपयोगी जीवन जीने की शिक्षा देता है। कार्यक्रम में सुदीप प्रजापति, रवि मालवीय, पंकज गुप्ता सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं नागरिक शामिल हुए।

Post a Comment

0 Comments