शासकीय कन्या महाविद्यालय सीहोर में डेंगू जागरूकता कार्यशाला स्वास्थ्य संवाद आयोजन:






सीहोर, शासकीय कन्या महाविद्यालय, सीहोर में दिनांक 18/09/2025 को डेंगू जागरूकता कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यशाला जिला मलेरिया अधिकारी कार्यालय सीहोर एवम भारतेन्दु आर्टस इंटीग्रेशन युवा मंच एण्ड सोशल वेलफेयर सोसाइटी सीहोर के संयुक्त तत्वावधान में शासकीय कन्या महाविद्यालय की रेडक्रॉस इकाई द्वारा आयोजित की गई।इस कार्यशाला का उद्देश्य छात्राओं तथा समुदाय को डेंगू के प्रति जागरूक करना और बचाव के उपायों की जानकारी प्रदान करना रहा।

कार्यशाला की शुरुआत मां सरस्वती के पूजन तथा महाविद्यालय की प्राचार्य डा मंजरी अग्निहोत्री के स्वागत उद्बोधन से हुई जिसमे उन्होंने इस कार्यशाला आयोजन के महत्व एवम उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। तत्पश्चात विशेषज्ञ श्री अनिल यादव , सहायक मलेरिया अधिकारी ने डेंगू के कारण, लक्षण, बचाव और उपचार संबंधी विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि डेंगू से बचाव के लिए स्वच्छता सबसे महत्वपूर्ण है। गमलों, टंकियों तथा आसपास जमा पानी में मच्छरों के पनपने से रोकना आवश्यक है। prime24 के एडिटर एवम एनजीओ भारतेंदु आर्ट्स इंटीग्रेशन युवा मंच एंड सोशल वेलफेयर सोसायटी सीहोर के संचालक श्री अरविंद गुप्ता ने कार्यशाला में छात्राओं को यह संदेश दिया कि वे अपने घर एवं आसपास सफाई रखें, मच्छरदानी का प्रयोग करें और लक्षण दिखने पर तुरंत चिकित्सक से संपर्क करें। साथ ही, डेंगू फैलाने वाले एडीज एजिप्टी मच्छर की पहचान और उसके नियंत्रण के उपायों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर श्री अरविंद गुप्ता द्वारा छात्राओं को स्वास्थ्य संवाद कार्यक्रम का प्रसारण prime24 पर दिखाया गया जिसमे डेंगू जागरूकता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी को प्रश्नोत्तर संवाद शैली में प्रस्तुत किया गया तथा छात्राओं की जिज्ञासाओं का समाधान किया गया। तत्पश्चात श्री सुनील सोनी एवम श्री देवेन्द्र सेन कार्यालय सहायक ,कार्यालय जिला मलेरिया अधिकारी सीहोर द्वारा भी छात्राओं को अपने विचारों से जागरूक किया गया।


इस अवसर पर महाविद्यालय की रेडक्रॉस इकाई प्रभारी सुश्री अमिता बैरागी ने कहा कि छात्राएँ समाज में स्वास्थ्य जागरूकता फैलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। उन्होंने कार्यक्रम का संचालन एवं सभी विशेषज्ञों का सहयोग हेतु आभार व्यक्त किया।

संपूर्ण कार्यक्रम महाविद्यालय की प्राचार्य डा मंजरी अग्निहोत्री के मार्गदर्शन में रेडक्रॉस इकाई प्रभारी सुश्री अमिता बैरागी द्वारा आयोजित किया गया जिसमे विशेष सहयोग श्री देव सिंह मालवीय सहायक प्राध्यापक समाजशास्त्र, डा पूजा कश्यप सहायक प्राध्यापक अर्थशास्त्र, श्री शिवम सक्सेना सहायक प्राध्यापक गणित ,डा भारती सक्सेना, नूरजहां हाशमी , श्री ब्रजेश विश्वकर्मा आदि का रहा। उक्त कार्यक्रम में समस्त महाविद्यालयीन स्टाफ एवम लगभग 120 छात्राओं की सहभागिता रही।

इस प्रकार यह कार्यशाला छात्राओं के लिए अत्यंत उपयोगी और जागरूकतापूर्ण सिद्ध हुई।

Post a Comment

0 Comments