सेवा पखवाड़ा के तहत स्कूलों में आयोजित की जाएंगी अनेक गतिविधियां 17 सितंबर से 02 अक्टूबर तक चलेगा सेवा पखवाड़ा

सीहोर, 14 सितंबर, 2025     शासन के निर्देशानुसार प्रदेश के साथ ही जिलेभर में 17 सितंबर से 02 अक्टूबर 2025 तक सेवा पखवाडा अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान का उद्देश्य जन भागीदारी, स्वच्छता, सेवा और जन कल्याणकारी कार्यक्रमों को व्यापक स्वरूप देना एवं नागरिकों में स्वच्छता, सेवा और सामुदायिक उत्तरदायित्व की भावना को प्रोत्साहित करना है। इस अभियान के तहत आम जन की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करते हुए सबका साथ सबका विकास सबका विश्वास एवं सबका प्रयास तथा बोकल फॉर लोकल की भावना को सशक्त करने का प्रयास किया जाएगा। कलेक्टर श्री बालागुरू के. द्वारा अभियान के तहत सभी विभागों को जिलेभर में गतिविधियां आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं।

     लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा अभियान के तहत स्कूलों में विभिन्न गतिविधियां आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं। अभियान के शुभारंभ अवसर पर स्कूलों में प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण दिखाया जाएगा। अभियान के तहत आत्मनिर्भर भारत विकसित भारत की थीम पर स्कूलों में 17 सितंबर को लेखन कौशल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इसी प्रकार 18 सितंबर को वक्तव्य कौशल, 19 सितंबर को पोस्टर एवं स्लोगन प्रतियोगिता, 20 सितंबर को दृश्य, चित्रकला एवं प्रदर्शन कौशल प्रतियोगिता और 21 सितंबर को नमो मैराथन, 22 सितंबर को समूह चर्चा एवं वाद-विवाद प्रतियोगिता और 23 सितंबर को राष्ट्रीय प्रतीकों पर क्विज का आयोजन किया जाएगा।

     अभियान के तहत 24 सितंबर को स्वास्थ्य जागरूकता चर्चा, 25 सितंबर को संतुलित आहार चार्ट, 26 सितंबर को शारीरिक व्यायाम एवं योगाभ्यास, 27 सितंबर को पानी पीने की आदत पर गतिविधि, 29 सितंबर को स्वच्छता प्रतिज्ञा, 30 सितंबर एवं 01 अक्टूबर को लोकल फॉर वोकल गतिविधियां, 02 अक्टूबर को एकता वृक्ष एवं एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

Post a Comment

0 Comments