सीहोर, 11 सितंबर, 2025 मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल में आयोजित कार्यक्रम में कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा में स्कूल के टॉपर रहे प्रदेश के 07 हजार 832 विद्यार्थियों के खाते में स्कूटी की राशि अंतरित की। इस अवसर पर उन्होंने अनेक विद्यार्थियों को प्रतीक स्वरूप स्कूटी की चाबी भेंट की और विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम में उन्होंने प्रदेश की 20 लाख से अधिक बालिकाओं को सैनिटेशन एवं हाइजीन के लिए 61 करोड़ रुपए से अधिक की राशि भी अंतरित की। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने सीहोर जिले के 210 छात्र-छात्राओं के खाते में स्कूटी खरीदने के लिए 02 करोड़ 31 लाख रुपये की राशि अंतरित की।
इस अवसर पर सीहोर में जिला स्तरीय स्कूटी वितरण कार्यक्रम शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष श्री नरेश मेवाड़ा, विधायक श्री सुदेश राय, नगर पालिका अध्यक्ष श्री प्रिंस राठौर ने कक्षा 12वीं बोर्ड में स्कूल में टॉप करने वाले जिले के सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दी और विद्यार्थियों को स्कूटी के स्वीकृति पत्र प्रदान किए एवं प्रतीक स्वरूप विद्यार्थियों को स्कूटियां प्रदान कीं।
कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के नेतृत्व में सरकार शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है। विद्यार्थियों को आगे बढ़ाने और उनकी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए यह निशुल्क स्कूटी वितरण योजना एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि उन्होंने कहा कि शिक्षा ही समाज को नई दिशा देती है। विद्यार्थियों को प्रोत्साहन मिलने से उनमें आत्मविश्वास और लगन बढ़ती है। सरकार का उद्देश्य यही है कि हर विद्यार्थी बिना किसी आर्थिक बाधा के उच्च शिक्षा हासिल कर सके। कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी श्री संजय सिंह तोमर, प्राचार्य श्रीमती सुनीता जैन सहित शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित थे।
स्कूटी की चाबी पाकर विद्यार्थियों के चेहरे पर दिखाई दी खुशी की लहर
स्कूटी वितरण कार्यक्रम में स्कूटी प्राप्त होने के बाद विद्यार्थियों के चेहरे पर खुशी की झलक दिखाई दे रही थी। छात्र-छात्राओं ने कहा कि सरकार की इस योजना से उन्हें पढ़ाई में बहुत मदद मिलेगी। अब वे बिना किसी कठिनाई के कॉलेज आ-जा सकेंगे। विद्यार्थियों ने अपनी भावनाएँ व्यक्त करते हुए कहा कि यह सुविधा उन्हें न केवल आत्मनिर्भर बनाएगी बल्कि शिक्षा के प्रति उनका उत्साह भी दोगुना कर देगी। उन्होंने कहा कि पहले उन्हें आने-जाने में समय और परेशानी होती थी, लेकिन अब वे आसानी से अपने समय का सदुपयोग कर पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित कर सकेंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना उन्हें और भी मेहनत करने के लिए प्रेरित करेगी। विद्यार्थियों ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि आने वाले समय में वे समाज और देश के विकास में अपना बेहतर योगदान देंगें।
0 Comments