पॉक्सो अधिनियम के अंतर्गत सपोर्ट पर्सन का समग्र प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित प्रधान जिला न्यायाधीश ने किया कार्यक्रम का शुभारंभ




सीहोर,19 सितम्बर,2025   जिला न्यायालय में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण तथा महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा पॉक्सो अधिनियम 2012 के अंतर्गत सीहोर जिले में पैनलबद्ध सपोर्ट पर्सन का समग्र प्रशिक्षण कार्यक्रम सह कार्यशाला का आयोजन किया गया। प्रधान जिला न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री प्रकाश चंद्र आर्य ने कार्यशाला का शुभारंभ किया।

 इस अवसर पर प्रधान जिला न्यायाधीश श्री आर्य ने कहा कि पॉक्सो अधिनियम 2012 के अंतर्गत सपोर्ट पर्सन का समग्र प्रशिक्षण कार्यक्रम एक विशेष कार्यक्रम है, इस कार्यक्रम में उन सभी हितग्राहियों को सम्मिलित किया गया है जो सपोर्ट पर्सन के रूप में कार्य से संबंधित हैं। यह प्रशिक्षण सभी हितग्राहियों के लिए समग्र रूप से लाभकारी साबित होगा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव श्रीमती स्वप्नश्री सिंह ने कहा कि प्रशिक्षण सह कार्यशाला के विषयों में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, महिला बाल विकास विभाग सहित विभिन्न विभागों की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने पॉक्सो अधिनियम 2012 एवं किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के बारे में जानकारी दी और प्रतिभागियों से चर्चा कर उनके प्रश्नों का उत्तर भी दिया।

  कार्यशाला में लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम-2012 के तहत सहायक व्यक्ति (सपोर्ट पर्सन) का इम्पैनलमेंट महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा गठित चयन समिति द्वारा किया गया है। इसके तहत थाने वार पॉक्सो प्रकरण के लिए सहायक व्यक्ति के रूप में इम्पैनल किया गया है। सपोर्ट पर्सन पॉक्सो अधिनियम 2012 के अंतर्गत अपराध से पीड़ित बालक के लिये अपेक्षित सपोर्ट उपलब्ध कराने के लिये नियुक्त किये जाते है, जो पीड़ित बालक को आर्थिक, मानसिक, शैक्षणिक, स्वास्थ्य संबंधी सहयोग करते हैं और उसकी मेडिकल जाँच सहित पुलिस थाने संबंधी कार्यवाही की प्रक्रिया में सहायता उपलब्ध कराते हैं।

 प्रशिक्षण में कार्यक्रम में पॉक्सो अधिनियम एवं कानूनों के विशेषज्ञों, अधिकारियों, मनोचिकित्सकों द्वारा सपोर्ट पर्सन से संबंधित विभिन्न विषयों, पॉक्सो अधिनियम 2012 एवं किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों, पुर्नवास, काउंसलिंग, पीड़ित प्रतिकर, सपोर्ट पर्सन की भूमिका एवं उत्तदायित्व आदि विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई तथा सभी प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का निवारण भी किया गया।

यह थे उपस्थित

कार्यशाला में विशेष न्यायाधीश श्री हेमंत जोशी, जिला न्यायाधीश श्री संजय गोयल, जिला न्यायाधीश श्रीमती स्मृतासिंह ठाकुर, जिला न्यायाधीश श्री एमके वर्मा, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्रीमती विनीता गुप्ता, न्यायाधीश श्री दीपेन्द्र मालू, प्रधान मजिस्ट्रेट श्रीमती उजाला शुक्ला, एएसपी श्रीमती सुनीता रावत, जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी श्री ज्ञानेश खरे, जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री जीशान खान, बाल कल्याण समिति अध्यक्ष श्री मानसिंह सेन, बाल कल्याण समिति के सदस्यगण, किशोर न्याय बोर्ड के सदस्यगण, जिला परिवीक्षा अधिकारी मनोचिकित्सक, साइकोलॉजिस्ट, एनजीओ के सदस्यगण, सपोर्ट पर्सन, लीगल एड डिफेंस काउंसिल्स, जिले के थानो में पदस्थ बाल कल्याण पुलिस अधिकारी एवं विधिक सेवा के कर्मचारी गण उपस्थित थे।

Post a Comment

0 Comments