एक कदम सुपोषण की ओर अभियान के तहत आष्‍टा में पोषण टोकरी वितरण कार्यक्रम आयोजित जिले में कुपोषण को खत्‍म करने के लिए चलाया जा रहा है अभियान



सीहोर, 09 सितंबर, 2025      कलेक्‍टर श्री बालागुरू के. के निर्देशानुसार महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा एक कदम सुपोषण की ओर अभियान के तहत आष्‍टा में पोषण टोकरी वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में आष्‍टा विधायक श्री गोपाल सिंह इंजिनियर ने बच्चों को पोषण टोकरी का वितरण किया। इस अवसर पर शिविर आयोजित कर बच्‍चों का स्‍वास्‍थ्‍य परीक्षण भी किया गया और सुपोषण कार्ड प्रदान किए गए। इस अवसर पर आष्‍टा विधायक श्री गोपाल सिंह इंजिनियर ने कहा कि बच्चों का स्वस्थ और पोषित होना ही हमारे भविष्य की सबसे बड़ी पूंजी है। जब बच्चे मजबूत और कुपोषण मुक्त होंगे, तभी समाज और राष्ट्र सशक्त बनेगा। उन्होंने कहा कि पोषण केवल शरीर को ताकत देने का साधन नहीं है, बल्कि यह बच्चों के मानसिक, शारीरिक और बौद्धिक विकास की नींव है।

   उल्लेखनीय है कि महिला एवं बाल विकास विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिले में कुपोषण को समाप्त करने और पोषण स्तर में सुधार के लिए समन्वित रूप से "एक कदम सुपोषण की ओर" नवाचार प्रारंभ किया गया है। इस नवाचार के तहत विभाग द्वारा चिन्हांकित बच्चों को पोषण टोकरी का वितरण किया जा रहा है। इस पोषण टोकरी में पोषण युक्त मुरमुरा, तिल, मूँगफली, चना, गुड़ आदि को पाउडर रूप में बच्चों को प्रदान किया जा रहा है, ताकि बच्चों के पोषण स्तर में सुधार हो सके। कार्यक्रम में आष्‍टा एसडीएम श्री नितिन टाले, जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री ज्ञानेश खरे सहित अन्‍य जनप्रतिनिधि एवं विभागीय अमला उपस्थित थे।

Post a Comment

0 Comments