स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों के संबंध में कलेक्टर-एसपी ने बैठक कर दिए आवश्यक दिशा निर्देश जिला स्तरीय कार्यक्रम में किया जाएगा भोपाल से मुख्यमंत्री के संदेश का लाइव प्रसारण प्रात: 09 बजे से प्रारंभ होगा स्वतंत्रता दिवस समारोह


सीहोर,08 अगस्त,2025    कलेक्टर श्री बालागुरू के. तथा एसपी श्री दीपक कुमार शुक्ला ने स्वतंत्रता दिवस पर पर गरिमामय आयोजन के संबंध में बैठक आयोजित कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन पूरे हर्षोल्लास, गरिमा और जन सहभागिता के साथ हो। विशेष रूप से युवा वर्ग में देशभक्ति की भावना जागृत करने के उद्देश्य से सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाये। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्धारित समय पर सभी कार्यक्रम संपन्न कराने के निर्देश दिए।  

     स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का प्रदेश की जनता के नाम संदेश का लाइव प्रसारण पूरा होने के बाद जिला स्तरीय कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अपने संबोधन में जिले में संचालित फ्लैगशिप योजनाओं, विकास कार्यक्रमों, जिले में आए निवेश, कृषि एवं सिंचाई के क्षेत्र में हुए विकास और अन्य उल्लेखनीय गतिविधियों के बारे में भी नागरिकों को जानकारी देंगे। उन्होंने कहा कि समारोह में लोकतंत्र सेनानियों, दिव्यांगजनों, वरिष्ठ नागरिकों और महिलाओं के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। बैठक में जिला पंचायत सीईओ डॉ नेहा जैन, अपर कलेक्टर श्री वृंदावन सिंह, संयुक्त कलेक्टर सुश्री वंदना राजपूत, एसडीएम श्री तन्मय वर्मा, डिप्टी कलेक्टर श्री सुधीर कुशवाह सहित सभी जिला अधिकारी उपस्थित थे।  

जिला, जनपद और ग्राम स्तर पर होंगे कार्यक्रम

  इस वर्ष 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला, जिला जनपद और ग्राम पंचायत स्तरीय मुख्यालयों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। समय सारणी अनुसार कार्यक्रम प्रातः 9:00 बजे प्रारंभ होगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि द्वारा ध्वजारोहण पश्चात राष्ट्रगान का गायन किया जाएगा एवं परेड की सलामी ली जाएगी। जिला स्तरीय समारोह में भोपाल से मुख्यमंत्री के संदेश का सीधा प्रसारण किया जाएगा। इसके बाद 05 मिनिट का संक्षिप्त लिखित बधाई संदेश का वाचन किया जायेगा। कार्यक्रमों में पौधरोपण भी किया जाएगा तथा जिला मुख्यालय पर स्वतंत्रता दौड़ का आयोजन किया जाएगा।

जनपद कार्यालय पर जनपद अध्यक्ष करेंगे ध्वजारोहण

   स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले की सभी जनपद मुख्यालयों पर जनपद अध्यक्षों द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा तथा समारोह में सामूहिक राष्ट्रगान का गायन किया जाएगा। ऐसी नगर पालिका, नगर परिषद जिनका मुख्यालय ब्लाक मुख्यालय पर नहीं है उनमें नगर पालिका, नगर परिषद अध्यक्ष द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा। पंचायत मुख्यालयों पर सरपंचों द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा। सभी शासकीय कार्यालयों और शिक्षण संस्थानों में पिछले वर्ष अनुसार प्रात 8:00 बजे या उसके पहले ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सभी शिक्षण संस्थाओं में प्रात: काल प्रभात फेरी का आयोजन किया जाएगा।

स्वतंत्रता दिवस पर सम्मान

   स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, कारगिल में शहीद हुए सैनिकों के परिवारों एवं लोकतंत्र सेनानियों को सम्मान पूर्वक आमंत्रित किया जाएगा और वृद्ध स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को शाल श्रीफल से सम्मानित किया जाएगा।

 



Post a Comment

0 Comments