सीहोर,16 अगस्त,2025 भगवान श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व इस वर्ष सीहोर जिले में अद्भुत उल्लास और भक्ति भावना के साथ मनाया गया। नगर के ऐतिहासिक व प्रमुख मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए। श्रीकृष्ण जन्म के पावन क्षण पर मंदिरों में घंटों की गूंज और जय-जयकार के साथ श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।
जिलेभर में आकर्षक झांकियों और चल समारोह ने लोगों का मन मोह लिया। भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप, माखन चोरी, गोवर्धन लीला और रासलीला की झांकियां आकर्षण का केंद्र बनीं। हजारों श्रद्धालु सड़कों पर उमड़ पड़े और जगह-जगह पुष्पवर्षा कर झांकियों का स्वागत किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में मटकी फोड़ प्रतियोगिता ने युवाओं का उत्साह दोगुना कर दिया। बच्चों ने कृष्ण-राधा की वेशभूषा धारण कर मंचीय प्रस्तुतियों से समा बांध दिया। वहीं, भजन संध्याओं में कलाकारों ने भक्तिरस से वातावरण को सरोबार कर दिया। जगह-जगह सजावट और रोशनी की भव्य व्यवस्था की गई।
जिला प्रशासन और सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से जन्माष्टमी उत्सव ने पूरे जिले को भक्ति और आनंद के रंग में रंग दिया। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण से समाज में प्रेम, शांति और सद्भाव बनाए रखने की कामना की। जिले में जन्माष्टमी पर्व धूमधाम से मनाया जाने के लिए कलेक्टर श्री बालागुरु के. ने सभी नगरी निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों तथा जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाओं के निर्देश दिए थे। सीहोर नगर में आयोजित जन्माष्टमी चल समारोह में भाजपा जिला अध्यक्ष श्री नरेश मेवाड़ा, पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य श्री सीताराम यादव, नगर पालिका अध्यक्ष श्री प्रिंस राठौर, श्री जसपाल अरोरा, श्री पंकज गुप्ता सहित जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
0 Comments