प्रभारी मंत्री ने कुपोषण को दूर करने चलाए जा रहे नवाचार का किया शुभारंभ जिले में कुपोषण को दूर करने के लिए कलेक्टर की पहल पर महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा किया गया है नवाचार




सीहोर,16 अगस्त,2025  पिछड़ा वर्ग मंत्री एवं जिले की प्रभारी मंत्री श्रीमती कृष्णा गौर ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ग्राम जहांगीरपुरा में आयोजित मध्यान भोजन कार्यक्रम के दौरान बच्चों को पोषण टोकरी का वित‍रित कर महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा कुपोषण को दूर करने के लिए चलाए जा रहे एक कदम सुपोषण की ओर नवाचार का शुभारंभ किया।

   उल्लेखनीय है कि कलेक्टर श्री बालागुरू के. के निर्देशानुसार महिला बाल एवं बाल विकास विभाग द्वारा जिले में कुपोषण को दूर करने के लिए "एक कदम सुपोषण की ओर" नामक नवाचार किया गया है। इस नवाचार के तहत विभाग द्वारा चिन्हांकित बच्चों को पोषण टोकरी का वितरण किया जा रहा है। इस पोषण टोकरी में पोषण युक्त मुरमुरा, तिल, मूँगफली, चना, गुड़ आदि को पाउडर रूप में बच्चों को प्रदान किया जा रहा है, ताकि बच्चों के पोषण स्तर में सुधार हो सके। इस नवाचार के तहत जिला स्तर पर पोषण टोकरी वितरण कार्य रेड क्रॉस समिति के आर्थिक सहयोग से किया जा रहा है। बच्चों के पोषण स्तर में सुधार की निगरानी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं पर्यवेक्षकों द्वारा विभागीय पोषण ट्रैकर एप एवं संपर्क एप के माध्यम से की जाएगी।

बच्चों के पोषण प्रबंधन के लिए दी जाएंगी यह सेवाएं

     विभाग द्वारा किए जा रहे इस नवाचार के तहत प्रतिमाह कुपोषित बच्चों की स्वास्थ्य जांच की जाएगी। प्रत्येक मंगलवार को बच्चों का शारीरिक मापन किया जाएगा। हर शनिवार आंगनवाड़ी एवं आशा कार्यकर्ता द्वारा गृह भेंट की जाएगी। प्रति सप्ताह मंगलवार एवं शुक्रवार को आईएफए सिरप एवं टेबलेट का वितरण तथा प्रतिदिन मल्टीविटामिन सिरप दी जाएगी। प्रथम स्वास्थ्य जाँच के दौरान फोलिक एसिड एवं एलबेंडाजोल की गोली दी जायेगी। बच्चों के पोषण प्रबंधन की सतत निगरानी के लिए प्रत्येक बच्चे का 'बाल संपोषण प्रगति कार्ड' का संधारण किया जाएगा, जिसमें बच्चे की चिन्हांकन के समय की स्थिति एवं 3 माह की प्रति सप्ताह फॉलो-अप की प्रविष्ठी की जायेगी।

Post a Comment

0 Comments