चंद्रशेखर आज़ाद शासकीय स्नातकोत्तर अग्रणी महाविद्यालय सीहोर में राष्ट्रीय सेवा योजना के प्रथम उन्मुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। साथ ही सद्भावना दिवस के उपलक्ष्य में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ रोहिताश्व कुमार शर्मा द्वारा महाविद्यालयीन स्टाफ एवं विद्यार्थियों को आपसी सौहार्द एवं भावनात्मक एकता की शपथ दिलाई गई।
उन्मुखीकरण कार्यक्रम का आरंभ प्राचार्य महोदय के बीज वकतव्य के द्वारा किया गया। अपने उद्बोधन में उन्होंने सभी से आपसी प्रेम, सौहार्द, एवं सामाजिक एकता बनाए रखने का आग्रह किया। अपने वकतव्य में उन्होंने नव-प्रवेशित स्वयंसेवकों को पूर्ण प्रतिबद्धता से राष्ट्रीय सेवा योजना में भागीदारी करने के लिए प्रेरित किया। एनएसएस के आदर्श वाक्य 'स्वयं से पहले आप' की व्यापक व्याख्या उन्होंने विद्यार्थियों से साझा की। वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ.आमिर एजाज़ ने सद्भावना दिवस के महत्व को इंगित करते हुए स्वयंसेवकों से आह्वाहन किया कि वे राष्ट्र की एकता एवं अखंडता को बनाए रखने के लिए सदैव प्रयासरत रहें। उन्मुखीकरण कार्यक्रम में वरिष्ठ स्वयंसेवकों द्वारा नव-प्रवेशित स्वयंसेवकों को एनएसएस के संबंध में जानकारी प्रदाय की गई। उन्होंने वातावरण निर्माण, रासेयो संबंधी जानकारी तथा व्यक्तित्व विकास संबंधी विषय पर प्रकाश डालते हुए स्वयंसेवकों का उत्साहवर्धन एवम् मार्गदर्शन किया।
कार्यक्रम का कुशल संचालन एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी, छात्रा इकाई डॉ मौली थॉमस के द्वारा किया गया। छात्र इकाई के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सजन खत्री के द्वारा सभी के प्रति आभार प्रकट किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्टाफ एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

0 Comments