सीहोर, 23 अगस्त, 2025 जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं म.प्र. प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड भोपाल क्षेत्रीय कार्यालय द्वारा पर्यावरण सम्बंधी अधिनियम, नियम, प्रदूषण के प्रभाव एवं पर्यावरण क्षरण के सम्बंध में एडीआर भवन के सभाकक्ष में कार्यशाला आयोजित की गई।
कार्यशाला में प्रधान जिला न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री प्रकाश चंद्र आर्य ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए पंच-'ज' तत्वों का संतुलन आवश्यक है, जिसमें जीवन जीने के तरीके में सुधार करना भी आवश्यक है। यदि हम मानव सभ्यता को जीवित रखना चाहते है तो पर्यावरण संरक्षण ही एकमात्र विकल्प है। हमें वृक्षारोपण, जल संरक्षण, वायु शुद्धता के लिए निरंतर कार्य करना होगा, इसके साथ ही प्रदूषण उत्पन्न करने वाले कारकों एवं गतिविधियों पर प्रतिबंध भी लगाना होगा। उन्होंने कहा कि इस कार्यशाला का उद्देश्य सभी हितधारकों एवं संबंधित विभागों को एक मंच पर लाना है एवं समस्याओं पर चर्चा कर समाधान खोजने का प्रयास करना है। यह जन जागरूकता का एक ऐसा साधन है जिससे हम सभी को जागरूक कर पर्यावरण प्रदूषण के कारण आने वाले भयावह खतरे से बच सकते है।
कार्यशाला में प्रधान न्यायाधीश कुटुम्ब न्यायालय श्री वैभव मंडलोई द्वारा पर्यावरण संरक्षण सम्बंधी कानूनों पर विस्तार से जानकारी दी गई एवं कानून बनाये जाने की पृष्ठभूमि के बारे में भी बताया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव श्रीमती स्वप्नश्री सिंह ने कार्यक्रम की रूपरेखा एवं कार्यशाला के विषय में जानकारी दी एवं प्रतिभागियों से चर्चा कर उनके प्रश्नों के उत्तर भी दिए। कार्यशाला में सेवानिवृत्त डायरेक्टर पर्यावरण श्री पीके त्रिवेदी द्वारा पीपीटी के माध्यम से पर्यावरण सम्बंधी अधिनियम, नियम, प्रदूषण के प्रभाव एवं पर्यावरण क्षरण के संबंध में जानकारी दी गई।
कार्यशाला में पर्यावरण संरक्षण के सम्बंध में पीपीटी एवं स्लाइड शो के माध्यम से म.प्र. प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड भोपाल एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सीहोर द्वारा संचालित गतिविधियों से भी प्रतिभागियों को अवगत कराया गया। कार्यक्रम में कु. एकता सेन द्वारा पर्यावरण संरक्षण पर कविता एवं आर्यावर्त विश्वविद्यालय के फैकल्टी सदस्य श्री सोमेश गुप्ता एवं विधि छात्रा द्वारा पर्यावरण संरक्षण पर अपने उद्बोधन दिये गये। कार्यशाला में उल्लेखनीय योगदान देने वाले सदस्यों को प्रशस्ति पत्र भी प्रदान किये गये।
यह थे उपस्थित
कार्यशाला में विशेष न्यायाधीश श्री हेमंत जोशी, जिला न्यायाधीश श्री संजय गोयल, जिला न्यायाधीश श्रीमती स्मृतासिंह ठाकुर, जिला न्यायाधीश श्री एमके वर्मा, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्रीमती विनीता गुप्ता, न्यायाधीश श्री दीपेन्द्र मालू एवं अन्य न्यायिक अधिकारीगण, म.प्र. प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड भोपाल क्षेत्रीय कार्यालय के क्षेत्रीय अधिकारी श्री बृजेश शर्मा, अभिभाषक संघ अध्यक्ष श्री राधेश्याम यादव, उपाध्यक्ष श्री सचिन तिवारी, जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री जीशान खान, सिविल सर्जन डॉ प्रवीर गुप्ता, जिला व्यापार उद्योग केंद्र महाप्रबंधक श्री अनुराग वर्मा, यातायात प्रभारी श्री बृजमोहन धाकड़, पैरालीगल वालेन्टियर्स, लीगल एड डिफेंस काउंसिल्स श्री राजेन्द्र कुशवाह, श्री आसिफ खान, कुमारी एकता सेन, श्रीमती संयोगिता सोलंकी, जनपद पंचायत, ग्राम पंचायत, नगरपालिका के प्रतिनिधि, आर्यावर्त विश्वविद्यालय के विद्यार्थी एवं शिक्षक, पत्रकारगण, एनजीओ के प्रतिनिधिगण एवं कर्मचारी उपस्थित




0 Comments