सीहोर,21 जुलाई,2025    आगामी 15 अगस्त को राष्ट्रीय पर्व स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, उमंग व उत्साह के साथ मनाने के लिए कलेक्टर श्री बालागुरू के. की अध्यक्षता में जिला पंचायत सभाकक्ष में बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने जिला मुख्यालय सहित पूरे जिले में स्वतंत्रता दिवस के गरिमामय एवं भव्य आयोजन के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह पुलिस परेड ग्राउंड में प्रात: 09 बजे आयोजित होगा।

 बैठक में कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने जिला स्तरीय समारोह के तहत ध्वजारोहण, परेड निरीक्षण, मार्च पास्ट, मुख्यमंत्री का संदेश का वाचन, प्रशस्ति पत्र वितरण, सांस्कृतिक कार्यक्रम, समारोह की रिहर्सल, पेयजल व्यवस्था, स्वतंत्रता सेनानियों का सम्मान, यातायात व्यवस्था, प्रभात फेरी, बैठक व्यवस्था, स्वच्छता व सफाई सहित अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में विस्तृत निर्देश दिए।

   उन्होंने कहा कि जिन अधिकारियों को जो दायित्व सौंपा गया है वे पूरी गंभीरता से समयपूर्व सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। इसके साथ ही उन्होंने स्वतंत्रता दिवस समारोह में शासकीय सेवकों तथा आमजन की सहभागिता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।