सीहोर, 20 जून, 2025 कलेक्टर श्री बालागुरू के. द्वारा सीहोर स्थित डाइट कॉलेज में शिक्षा सेतु नवाचार का शुभारंभ किया गया। इस नवाचार में यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कोई भी बच्चा स्कूल से ड्रॉपआउट न करे। इसी नवाचार को लेकर डाइट में शिक्षा विभाग के अधिकारियों तथा स्कूल-कॉलेजों के प्राचार्यों की बैठक भी आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने ड्रॉपआउट करने वाले विद्यार्थियों को शिक्षा के लिए प्रेरित करने के लिए विस्तार से दिशा निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने कहा कि कोई भी विद्यार्थी शिक्षा से वंचित न रहे, इस उद्देश्य से शिक्षा सेतु कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इस कार्यक्रम को सभी स्कूल, कॉलेज के प्राचार्य एवं संबंधित अधिकारी पूरी गंभीरता से संचालित करें। उन्होंने कहा कि सभी प्राचार्य एवं विभाग के अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि कोई भी विद्यार्थी स्कूल के बाद ड्रॉप आउट न करे। शिक्षा हमारे जिले, हमारे राज्य और हमारे देश के विकास का मुख्य आधार है। देश के विकास के लिए यह आवश्यक है कि प्रत्येक युवा शिक्षित हो ताकि वह अपने देश के विकास में अपना अधिकतम योगदान दे सके। उन्होंने कहा कि यदि कोई विद्यार्थी ड्रॉप आउट कर रहा है तो उसे एवं उसके अभिभावको को समझाइश देकर ग्रेजुएशन तक की पढ़ाई के लिए प्रेरित किया जाए।
उन्होंने सभी स्कूल और कॉलेज के शिक्षकों एवं प्राचार्यों को निर्देश दिए कि विद्यार्थियों की कक्षा पहली से ग्रेजुएशन तक नामांकन की समीक्षा की जाए। उन्होंने कहा कि यदि कोई विद्यार्थी शिक्षा की मुख्यधारा से कट रहा है तो उसका कारण पता करें, ताकि उनके समाधान के लिए प्रयास किया जा सके। उन्होंने कहा कि शिक्षक समय पर स्कूल पहुंचे और विद्यार्थियों को भी समय पर स्कूल में उपस्थित होने के लिए प्रेरित करें। कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने निर्देश दिए कि जो शिक्षक शाला में समय पर उपस्थित रहकर बच्चों के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षण कार्य करेंगे उन्हें जिला स्तरीय कार्यक्रम में सम्मानित किया जाए। कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने जिला शिक्षा अधिकारी एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले में शिक्षण गतिविधियों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और शिक्षण को गुणवत्तापूर्ण बनाया जाये। उन्होंने बिना कारण अनुपस्थित रहने वाले शिक्षकों पर कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समय-समय पर शैक्षणिक गतिविधियों की जिला स्तरीय बैठक में समीक्षा की जाएगी।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ डॉ नेहा जैन ने निर्देश दिए कि एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत अधिक से अधिक पौधारोपण गतिविधियां आयोजित करें। इसके साथ ही अंतर राष्ट्रीय योग दिवस पर सभी शालाओं के शिक्षकों और विद्यार्थियों की योग कार्यक्रम में सहभागिता सुनिश्चित कराएं। सभी को योग के महत्व के बारे में बताया जाए। उन्होंने कहा कि शासकीय स्कूलों से पढ़ाई करके जो विद्यार्थी उच्च पदों पर पदस्थ हुए हैं उनसे संपर्क कर विद्यालय में आमंत्रित किया जाए और वे विद्यार्थियों को शिक्षा के लिए प्रेरित करें। इसके साथ ही उन्होंने नशा मुक्त भारत अभियान एवं तंबाकू नियंत्रण कार्यक्र के तहत स्कूल परिसरों को तंबाकू मुक्त बनाए रखने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। कार्यक्रम में डीईओ श्री संजय सिंह तोमर, डाइट प्राचार्य श्रीमती अनीता बडगुर्जर एवं डीपीसी श्री आरआर उइके, श्री अभिषेक भार्गव सहित स्कूल कॉलेज के प्राचार्य, अनेक शिक्षकगण एवं अधिकारीगण उपस्थित थे। सभी प्राचार्यों एवं शिक्षकों को शिक्षा सेतु कार्यक्रम के संबंध में प्रशिक्षण दिया गया।
.jpeg)
.jpeg)
0 Comments