सीहोर, 29 मई, 2025 किसानों के कल्याण को कृषि को उन्नत बनाने के लिए संचालित किए जा रहे विकसित कृषि संकल्प अभियान का विधायक श्री सुदेश राय ने शुभारंभ किया। उल्लेखनीय है कि शासन के निर्देशानुसार सीहोर जिले में 29 मई से 12 जून तक “विकसित कृषि संकल्प अभियान” चलाया जा रहा है। इस अभियान के दौरान कृषकों को केन्द्र एवं राज्य सरकार की प्रमुख योजनाओं, कृषि वैज्ञानिकों द्वारा बनाई गई नवीन कृषि तकनीकों एवं नवाचारों की जानकारी दी जायेगी। किसानों को जानकारी देने के लिये कृषि विज्ञान केन्द्र, आइसीएआर एवं अन्य संस्थाओं के कृषि वैज्ञानिक, उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य पालन, कृषि अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारी एवं प्रगतिशील किसान गाँव-गाँव भ्रमण करेंगे और किसानों को जानकारी प्रदान करेंगे।
अभियान के क्रियान्वयन के लिये कृषि विज्ञान केन्द्र व संबद्ध विभाग के जिला स्तरीय अधिकारियों से समन्वय कर ग्राम पंचायत वार कार्यक्रमों का निर्धारण करेंगे। इसके साथ ही कृषि आधारित योजनाओं व कार्यक्रमों की वीडियो क्लिपिंग तैयार कर अभियान के दौरान किसानों को दिखाई जाएगी। अभियान के दौरान किसानों को खरीफ मौसम में उगाई जाने वाली फसलों से संबंधित आधुनिक, उन्नत तकनीक व कृषि योजनाओं के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी जाएगी। अभियान के दौरान प्राकृतिक खेती व फसल विविधीकरण को बढ़ावा देने के प्रयास किए जाएंगे। अभियान के दौरान कृषि ड्रोन प्रौद्योगिकी का प्रदर्शन, धान की सीधी बुवाई पद्धति व सोयाबीन फसल में मशीनीकरण इत्यादि के बारे में किसानों को जानकारी दी जायेगी। इसके साथ ही विभागीय योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड में सुझाई गईं विभिन्न फसलों के चयन व संतुलित उर्वरक के उपयोग के लिये भी जागरूक किया जायेगा तथा इस दौरान किसानों से फीडबैक भी लिया जायेगा।
0 Comments