पीएम सोलर योजना से किसान श्री संतोष कुमार को मिल रही है समय पर पर्याप्त बिजली किसानों की समृद्धि और विकास का आधार बन रही पीएम सोलर योजना

 


सीहोर, 11 मई, 2025  केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा किसानों के कल्याण एवं सशक्तिकरण के लिए अनेकों जनकल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही है। प्रधानमंत्री सोलर योजना भी उन्हीं योजनाओं में से एक है। इस योजना में सरकार द्वारा किसानों को सोलर पंप लगाने के लिए सब्सिडी दी जाती है। इस योजना का उद्देश्य किसानों को सस्ती और स्वच्छ ऊर्जा उपलब्ध कराना है ताकि वे सिंचाई के लिए बिजली या डीजल पर निर्भर न रहें। इसके तहत किसान अत्यधिक रियायती दरों पर सोलर पंप प्राप्त कर सकते हैं, जिससे उनका बिजली का खर्च कम होता है और उत्पादन लागत भी घटती है।

  सीहोर जिले के ग्राम कोठरी के निवासी किसान श्री संतोष कुमार मंडलोई भी उन्हीं किसानों में से एक हैं जिन्हें पीएम सोलर योजना का लाभ मिला है। किसान श्री संतोष ने बताया कि पहले वे बिजली की कमी और अनियमितता के कारण सिंचाई के लिए पानी की कमी से परेशान थे। बिजली आपूर्ती की अनियमितता के कारण उन्हें अपनी फसलों की सिंचाई के लिए अन्य साधनों पर निर्भर रहना पड़ता था और खेती के लिए भारी खर्च उठाना पड़ता था, लेकिन प्रधानमंत्री सोलर पंप योजना ने उनकी किस्मत ही बदल दी।

 किसान श्री संतोष कहते हैं कि इस योजना की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने इसके लिए आवेदन किया। आवेदन स्वीकृत होने के बाद इस योजना के तहत उन्होंने 10 प्रतिशत राशि जमा कर 90 प्रतिशत की सब्सिडी के साथ अपने खेत पर 03 एचपी का सोलर पंप लगवाया, जो बिना किसी अतिरिक्त खर्च के बिजली प्रदाय कर लगातार पानी की आपूर्ति कर सकता है। किसान श्री संतोष ने बताया कि सोलर पंप लगने के बाद उनकी खेती में बड़ा बदलाव आया और फसलों की समय पर सिंचाई होने से उत्पादन में भी वृद्धि हुई है। सोलर पंप से पर्याप्त बिजली मिलने से अब किसान श्री संतोष कुमार मंडलोई अपनी फसलों की समय पर सिंचाई कर पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पहले कई बार दिन में बिजली नही मिलने के कारण उन्हें सिंचाई के लिए रात में जागना पड़ता था, पर अब सोलर पंप से पर्याप्त बिजली उपलब्ध हो रही है और बिजली का बिल भी नही देना पड़ता। किसान श्री संतोष कहते हैं कि उन्हें इस योजना से प्रतिवर्ष लगभग 50 हजार रूपये की बचत हो रही है।

 किसान श्री संतोष अपने आसपास के किसानों के लिए भी प्रेरणा बन चुके हैं। वे अपने आसपास के गाँव के अन्य किसानों को भी सोलर पंप योजना का लाभ लेने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। किसान श्री संतोष कुमार मंडलोई ने पीएम सोलर योजना के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव को धन्यवाद दिया है।

Post a Comment

0 Comments