सीहोर। शहर के मंत्री पेट्रोल पंप से गणेश मंदिर रोड उमाशंकर धाम कालोनी के पास प्राचीन श्री हंसदास मठ दशहरा बाग में पंच कुण्डात्मक महायज्ञ एवं रिद्धेश्वर स्फटिक शिव लिंग, शिव पंचायतन एवं श्री सिद्धवीर हनुमान महाराज की प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है, महोत्सव के अंतर्गत बुधवार से आरंभ हुई सात दिवसीय संगीतमय शिव महापुराण के पहले दिन भागवत भूषण पंडित चेतन उपाध्याय ने शिव महापुराण का महत्व के साथ ही भगवान शिव के स्वरूप का वर्णन करते हुए उनके स्वभाव का वर्णन किया एवं देवराज ब्राह्मण का चरित्र का वर्णन करते हुए कहा कि कथा में वर्णित है कि ब्राह्मण कुल में जन्म लेने के बाद भी जिस प्रकार से अपने धर्म से च्युत होकर आधर्म की मार्ग का अनुसरण किया और सदा आधर्म के मार्ग पर चलकर ब्राह्मणाचित जो कर्म है उनका पालन नहीं किया। लेकिन जीवन के अंतिम समय प्रथम बार प्रयागराज में भगवान शिव की श्री शिव महापुराण की कथा का रसपान किया। और पाप का प्राश्चित किया न केवल इस पुण्य के फल स्वरुप देवराज ब्राह्मण का उद्धार हो गया, अर्थात भगवान शिव की कथा जीवन के बड़े से बड़े पाप, ताप और संताप को दूर कर सकती है। जीवन मे कितनी भी बड़ी संकट हो उन्हें देवों के देव महादेव हर लेते है। महादेव हमेशा अपने भक्तों के निकट होता है। इस कलिकाल में सबसे सरल पूजा अगर किसी देव की है,तो वह देवाधिदेव महादेव की है।
उन्होंने कहाकि शिव पुराण को सुनने मात्र से ही व्यक्ति के समस्त पाप कर्म नष्ट हो जाते हैं और इससे शिवलोक में स्थान मिलता है। प्राचीन काल में एक नगर में देवराज नाम का एक ब्राह्मण रहता था. वह बहुत ही दुर्बल, दरिद्र, और वैदिक धर्म से विमुख था। वह किसी प्रकार का कोई धार्मिक कार्य भी नहीं करता और हमेशा धन अर्जित करने में ही लगा रहता था। वह सभी के साथ छल करता था और धोखा देता था। उसने कमाए हुए धन को कभी भी धर्म के काम में नही लगाया। एक दिन वह घूमते हुए प्रयाग पहुंच गया और वहां उसने बहुत सारे साधु महात्माओं को देखा जो शिवालय में ठहरे हुए थे। वह भी शिवालय में ही ठहरा, लेकिन उसे बुखार आ गया। बुखार से उसका शरीर गर्म होने लगा और वह पीड़ा से तड़पने लगा। शिवालय में ही एक ब्राह्मण शिव कथा सुना रहे थे। बुखार से तपते हुए देवराज भी ब्राह्मण के मुख से शिव कथा सुन रहा था, लेकिन एक महीने के बाद बुखार के कारण उसका शरीर इतना पीड़ित हो गया कि, उसकी मृत्यु हो गई।
मृत्यु के बाद जब यमराज के यमदूत उसे पाश में बांधकर बलपूर्वक यमलोक ले गए. तब शिवलोक से शिव के पार्षद गण भी पहुंच गए, उनके हाथ में त्रिशूल था और शरीर में भस्म लगी थी। उन्होंने बड़ी-बड़ी रुद्राक्ष की मालाएं पहन रखी थीं। शिव के पाषर्द गण क्रोध में यमपुरी में गए और यमराज के दूतों को मार पीटकर धमकाया और देवराज को उनके चंगुल से छुड़ाकर यमपुरी से कैलाश पर्वत ले गए। कैलाश पहुंचकर पार्षद गणों ने देवराज को भगवान शिव को सौंप दिया। इस तरह से शिव पुराण सुनने मात्र से अधर्मी देवराज को भी शिवलोक की प्राप्ति हुई। इसलिए ऐसा कहा जाता है कि, जो व्यक्ति शिव पुराण या शिव कथा का श्रवण करता है, उसे शिवलोक की प्राप्ति होती है।
आगामी छह मई को भव्य भंडारे का आयोजन
प्राचीन श्री हंसदास मठ दशहरा बाग उमा शंकर धाम कालोनी के पास गणेश मंदिर रोड पर जारी स्फटिक श्री रिद्धेश्वर महादेव प्राण-प्रतिष्ठा सिद्ध श्री हनुमान महाराज की स्थापना का प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव किया जा रहा है। महंत श्री हरिरामदास महाराज के मार्गदर्शन में यहां पर महोत्सव के अंतर्गत शिव महापुराण, उपनयन संस्कार, श्री रामार्चा उत्सव, शिव पंचायतन का विशेष श्रृंगार दर्शन और नव दिवसीय श्री रामायण अखंड पाठ एवं नित्य उत्सव किया जा रहा है। समिति ने सभी श्रद्धालुओं ने महोत्सव में शामिल होने की अपील की है।
0 Comments