सीहोर, 28 अप्रैल, 2025 कलेक्टर श्री बालागुरू के. की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जल गंगा संर्वधन अभियान के तहत जल संरक्षण गतिविधियों में औद्योगिक इकाइयों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जिले के उद्योग प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई। इसके साथ ही बैठक में कलेक्टर श्री बालागुरू के द्वारा उद्योग विभाग एवं औद्योगिक इकाइयों द्वारा संचालित की जा रही जल गंगा संवर्धन अभियान की गतिविधियों की समीक्षा भी की गई। बैठक जिला पंचायत सीईओ डॉ नेहा जैन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने कहा कि उद्योगों की भूमिका जल संरक्षण में अत्यंत महत्वपूर्ण है। कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने औद्योगिक इकाइयों में जल संरक्षण के लिए रूफ वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम एवं ग्राउंड वाटर रिचार्ज सिस्टम स्थापित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही नालों में मिलने वाले अपशिष्ट पदार्थों के निपटान के संबंध में अपशिष्ट संयंत्र लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिए कि जल के अपव्यय को रोकने के लिए आधुनिक तकनीकों का उपयोग करें। उन्होंने कहा कि जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत अधिक से अधिक पौधारोपण किया जाए तथा सीएसआर फंड से बावड़ियों का जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण तथा कुओं को पुनर्जीवित करने का कार्य किया जाए।
कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव द्वारा प्रदेश में प्रारंभ किया गया जल गंगा संवर्धन अभियान अत्यधिक महत्वपूर्ण अभियान है। इस अभियान को सफल बनाने के लिए सभी की सक्रिय भागीदारी नितांत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण आज की सबसे महत्वपूर्ण आवश्यकता है। यदि आज हम जल बचाने के प्रयास नहीं करेंगे तो भविष्य की पीढ़ियों को जल संकट का गंभीर सामना करना पड़ेगा। जल केवल जीवन के लिए ही नहीं, बल्कि आर्थिक, औद्योगिक और पर्यावरणीय संतुलन के लिए भी अनिवार्य है। हमें अपने घरों, उद्योगों और सार्वजनिक स्थलों पर जल का विवेकपूर्ण उपयोग करना चाहिए। वर्षा जल संचयन, जल पुनर्चक्रण और पारंपरिक जल स्रोतों का संरक्षण हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए। जल एक ऐसी धरोहर है जिसे हमें संभालकर अगली पीढ़ी को सौंपना है। हर नागरिक और हर संस्था को जल संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए। छोटे-छोटे प्रयास भी बड़े परिवर्तन ला सकते हैं। यदि हम आज संकल्प लें तो आने वाला कल सुरक्षित और समृद्ध होगा। बैठक में जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र महाप्रबंधक श्री अनुराग वर्मा, प्रबंधक श्री मनीष अलावा, जिला कमांडेंट श्रीमती नीलमणि लाडिया, श्री प्रमोद त्रिपाठी, सहित जिले की विभिन्न औद्योगिक इकाइयों के अध्यक्ष उपस्थित थे।
0 Comments