सीहोर, 30 मार्च, 2025 राज्य शासन के निर्देशानुसार प्रदेश के साथ ही सीहोर जिले मे 30 मार्च से 30 जून तक जल गंगा संवर्धन अभियान चलाया जा रहा है। जिले भर में आज इस अभियान का शुभारंभ किया। जिले की प्रत्येक ग्राम पंचायत में 30 मार्च को इस अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान के शुभारंभ अवसर पर सीहोर विकासखण्ड स्तरीय कार्यक्रम ग्राम खजुरिया कला में आयोजित किया गया। कार्यक्रम जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नावड़ी बाई, जनपद सीईओ श्रीमती नमिता बघेल सहित अनेक जनप्रतिनिधियों, अधिकारी एवं नागरिकों ने नदी की साफ सफाई एवं श्रमदान कर जल गंगा संवर्धन अभियान का शुभारंभ किया। भैरूंदा में जनपद अध्यक्ष श्रीमती मंजू अवध पटेल, नगर परिषद श्री मारुति शिशिर, एसडीएम श्री मदन सिंह रघुवंशी भैरूंदा जनपद में जल गंगा अभियान का पौधरोपण कर जल गंगा संवर्धन अभियान का शुभारंभ किया। कोलार परियोजना में भी पौधरोपण कर जल गंगा संवर्धन अभियान का शुभारंभ किया गया। इस अवसर जल संरक्षण की शपथ दिलाई गई। इसी प्रकार जिले की सभी जनपदों, सहित विभिन्न स्थानों पर श्रमदान कर एवं पौधरोपण कर जल गंगा संवर्धन अभियान का शुभारंभ किया गया।
उल्लेखनीय है कि जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत जिले में जल संरक्षण एवं संवर्धन से संबंधित खेत, तालाब, अमृत सरोवर, परकोलेशन टैंक, डगवेल, तालाब जीर्णोद्धार, जनभागीदारी के कार्य, कूप एवं बाउंड्री मरम्मत के कार्य किए जाएंगे। जल गंगा संवर्धन अभियान का प्रमुख उद्देश्य जनभागीदारी से जल संरक्षण तथा संवर्धन सुनिश्चित करना है। इस अभियान के अन्तर्गत समाज की भागीदारी तथा और विभिन्न सहयोगी विभागो की समेकित पहल से मुख्यत जल संरक्षण संरचनाओं के निर्माण, भूजल संवर्धन, पूर्व से मौजूद जल संग्रहण संरचनाओं की साफ सफाई एवं जीर्णोद्धार करना है। इसके साथ ही जल स्त्रोत में प्रदूषण कम करना, साफ सफाई करना, पौधरोपण के कार्य किए जाएंगे। जल संरक्षण जागरूकता के लिए विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जायेगा। इस अभियान का क्रियान्वयन अनेक विभाग मिलकर करेंगे।
0 Comments