समस्या नहीं बताएं शिकायतों का समाधान करें अधिकारी- कलेक्टर श्री बालागुरू के. अधिकारी शिकायतों का निराकरण बाबू या ऑपरेटर के भरोसे न छोड़े स्वयं संज्ञान लें- कलेक्टर श्री बालागुरू के. 70 वर्ष से अधिक आयु के नागरिकों के आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए चलेगा विशेष अभियान

 




सीहोर,10 फरवरी, 2025 कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने कहा कि आपके पास कोई व्यक्ति अपनी शिकायत या कोई समस्या लेकर आता है, तो उसकी शिकायत के समाधान के लिए खुद भी उस समस्या या शिकायत को स्वयं के परिप्रेक्ष्य में रखकर परीक्षण करेंगे तो समस्याओं की वास्तविकता और गंभीरता समझ में आएगी और समाधान भी निकल आएगा। यह बात उन्होंने टीएल बैठक के दौरान सभी अधिकारियों से कही। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि समस्याएं नहीं बताएं बल्कि समाधान निकालें। उन्होंने कहा कि आपके विभाग में कोई शिकायात आती है, तो उसे केवल बाबू या ऑपरेटर के भरोसे नहीं छोड़कर स्वयं उस पर संज्ञान ले और गम्भीरता औेर संदवेदनशीलता के साथ निराकरण करें।  

  बैठक में कलेक्टर श्री बालागुरू के ने सभी अधिकारियों को पूर्व से विभागीय लंबित आवेदनों के निराकरण करने और सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों का त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागों के जिलाधिकारियों से कहा कि अधिक समय तक शिकायतें लंबित न रहें। बैठक के दौरान उन्होंने कहा कि विभागीय स्तर पर ही शिकायतों का निराकरण कर लिया जाए तो सीएम हेल्प लाइन और जनसुनवाई में कम से कम शिकायतें आएंगी। कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने सभी विभागों की लंबित शिकायतों के साथ ही ग्रामीण विकास, रोजगार, कृषि, सहकारिता, लोक निर्माण, नगरीय निकाय, समाज कल्याण, खाद्य, जल संसाधन तथा राजस्व विभाग सहित अनेक विभागों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की। बैठक में जिला पंचायत सीईओ डॉ नेहा जैन ने आयुष्मान कार्ड सहित पंचायत ग्रामीण विकास विभाग की लंबित शिकायतों के निराकरण की समीक्षा की। बैठक में अपर कलेक्टर श्री वृंदावन सिंह, संयुक्त कलेक्टर सुश्री वंदना राजपूत, एसडीएम श्री तन्मय वर्मा, एसडीएम श्री जमील खान सहित सभी जिला अधिकारी उपस्थित थे। जिले के सभी जनपद स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी वीसी के माध्यम से टीएल बैठक में शामिल हुए।   

स्क्रीनिंग का लक्ष्य जल्द पूरा करें

 स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने निर्देश दिए कि 100 दिवसीय निक्षय शिविर अभियान के तहत संभावित मरीजों की स्क्रीनिंग का लक्ष्य जल्द पूरा किया जाए। ताकि टीबी पॉजिटिव व्यक्तियों का जल्द इलाज शुरू किया जा सके। इसके साथ ही उन्होंने जिले में स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। बैठक में जानकारी दी गई कि अभी तक जिले में कुल 169086 व्यक्तियों की स्क्रीनिंग की गई है। 

तेजी से करें भू-अर्जन और मुआवजा वितरण

बैठक के दौरान कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने नेशनल हाईवे तथा रेलवे के लिए भूमि अधिग्रहण एवं मुआवजा वितरण की समीक्षा के दौरान भू अर्जन एवं मुआवजा वितरण की कार्यवाही तेजी से करने के निर्देश दिए, ताकि जल्द कार्य प्रारंभ हो सके। इसके साथ ही उन्होंने विभिन्न कार्यालयों, शासकीय भवनों तथा परियोजनाओं के लिए भूमि आवंटन की कार्यवाही तेजी से करने के निर्देश दिए। ताकि आगे की कार्यवाही शीघ्र प्रारंभ की जा सके।  

फौती नामान्तरण का कार्य जल्द पूरा करें

  कलेक्टर श्री बालागुरू के ने वनग्रामों से राजस्व ग्रामों में संपरिवर्तन की कार्यवाही की समीक्षा के दौरान राजस्व एवं वनाधिकारियों को निर्देश दिए कि वनग्रामों के राजस्व ग्रामों में परिवर्तन तथा वन व्यवस्थापन के कार्य में तेजी लाई जाए। उन्होंने कहा कि 513 प्रकरणों के फौती नामांतरण के जो प्रकरण शेष रह गए हैं नामान्तरण के लिए सभी आवश्यक कार्यवाही शीघ्र की जाए।    

आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए चलेगा विशेष अभियान

  बैठक में कलेक्टर श्री बालागुरू के. तथा जिला पंचायत सीईओ डॉ नेहा जैन ने संबंधित अधिकारियों को 70 वर्ष से अधिक आयु के सभी वरिष्ठ नागरिकों के आयुष्मान कार्ड बनाने का कार्य में गति लाने के लिए नगरों तथा ग्रामीण क्षेत्रों में 10, 11 तथा 12 फरवरी को विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। बैठक में जानकारी दी गई कि अभी तक 70 वर्ष से अधिक आयु के 26082 बुजुर्गों के आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं। जिला पंचायत सीईओ डॉ नेहा जैन ने लक्ष्य सूची से उन वरिष्ठ नागरिकों का नाम हटाने की कार्यवाही करने के निर्देश दिए जिनकी मृत्यु हो चुकी है।

Post a Comment

0 Comments