नागरिकों को योजनाओं से लाभान्वित करने के लिए करें नियमों के साथ प्रक्रिया का सरलीकरण शासकीय सेवकों की सेवानिवृत्ति तथा पेंशन प्रकरणों की कार्यवाही मे मानवीय दृष्टिकोंण अपनाएं अधिकारी वनाधिकार पट्टों के लिए शीघ्र आयोजित करें ग्राम सभाएं छात्रों को समय पर मिले छात्रवृत्ति - कलेक्टर श्री बालागुरू के टीएल बैठक

 



सीहोर, 03 फरवरी, 2025 शासन की सभी योजनाएं तथा सेवाएं आमजन तक सुलभता से पहुंचे इसके लिए सभी अधिकारी विभागीय नियमों का पालन करते हुए प्रक्रिया का सरलीकरण करें। ताकि अधिक से अधिक हितग्राही लाभान्वित हो सकें। यह बात कलेक्टर श्री बालागुरू के ने टीएल बैठक के दौरान सभी अधिकारियों से कही। उन्होंने कहा कि शासन की सभी योजनाओं का उद्देश्य प्रदेश का सर्वांगीण विकास और नागरिकों के जीवन स्तर को बेहतर बनाना है। इसलिए सभी अधिकारी पूरी गंभीरता से अपने उत्तरदायित्वों के निर्वहन के साथ ही आम नागरिकों की समस्याओं तत्परता से निराकरण करें।   

         बैठक में कलेक्टर श्री बालागुरू के ने सभी अधिकारियों को पूर्व से विभागीय लंबित आवेदनों के निराकरण करने और सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों का त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागों के जिलाधिकारियों से कहा कि अधिक समय तक शिकायतें लंबित न रहें। उच्च शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर श्री बालागुरू के ने कहा कि छात्रों को छात्रवृत्ति समय पर मिले इसके लिए ऑनलाइन आवेदन प्राप्त होंने के पश्चात सत्यापन की प्रक्रिया का सरलीकरण करें। ताकि जल्द से जल्द छात्रवृत्ति मिल सके। इसी प्रकार उन्होंने छात्रों को प्रदाय की जाने वाली स्टेशनरी के क्रय और वितरण की कार्यवाही समय पर करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री बालागुरू के ने प्रधानमंत्री आवास योजना नगरीय तथा ग्रमीण की समीक्षा करते हुए कहा कि जिन हितग्राहियों के आवास स्वीकृत हैं और पहली किस्त प्राप्त हो गई है, उनके आवास का कार्य शीघ्र प्रारंभ कराया जाए तथा जिनके आवास पूर्ण हो गए हैं, उन्हें शीघ्र आवास पोर्टल पर दर्ज कराया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि नवीन स्वीकृत आंगनबाड़ी भवनों के निर्माण की कार्यवाही शीघ्र की जाए। जिला पंचायत सीईओ डॉ नेहा जैन ने महिला बाल विकास अधिकारी को आंगनबाड़ियों की स्वीकृति, आवंटन तथा निर्माण से संबंधित जानकारी संपर्क एप पर अपलोड कराने के निर्देश दिए।

 कलेक्टर श्री बालागुरू के ने सेवानिवृत्ति तथा पेंशन प्रकरणों की समीक्षा के दौरान कहा कि कर्मचारियों के पेंशन तथा स्वत्वों के भुगतान की कार्यवाही करते समय अधिकारी मानवीय दृष्टिकोंण अपनाएं ताकि सेवा निवृत्त हुए शासकीय सेवक को समय पर पेंशन और शासकीय लाभ मिल सकें। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर श्री बालागुरू के ने निर्देश दिए कि 100 दिवसीय निक्षय शिविर अभियान के तहत संभावित मरीजों की स्क्रीनिंग का लक्ष्य जल्द पूरा किया जाए ताकि टीबी पॉजिटिव व्यक्तियों को जल्द इलाज शुरू किया जा सके। बैठक में जानकारी दी गई कि अभी तक निक्षय शिविर अभियान के तहत 169086 व्यक्तियों की स्क्रीनिंग की जा चुकी है। टीएल बैठक के दौरान जिला पंचायत सीईओ डॉ नेहा जैन ने आयुष्मान तथा प्रधानमंत्री आवास एवं अन्य हितग्राही मूलक योजनाओं की समीक्षा के दौरान अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।  

        कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने ग्रामीण विकास, रोजगार, कृषि, सहकारिता, लोक निर्माण, नगरीय निकाय, समाज कल्याण, खाद्य, जल संसाधन तथा राजस्व विभाग सहित अनेक विभागों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की। बैठक में अपर कलेक्टर श्री वृंदावन सिंह, संयुक्त कलेक्टर श्री नितिन टाले, संयुक्त कलेक्टर सुश्री वंदना राजपूत, एसडीएम श्री तन्मय वर्मा, डिप्टी कलेक्टर श्री सुधीर कुशवाह सहित सभी जिला अधिकारी उपस्थित थे। जिले के सभी जनपद स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी वीसी के माध्यम से टीएल बैठक में शामिल हुए।

हर दिन अभियान की तर्ज पर करें राजस्व प्रकरणों का निराकरण

  बैठक में कलेक्टर श्री बालागुरू के ने सभी राजस्व अधिकारियों से कहा कि राजस्व महाभियान एक समय सीमा में चलने वाला अभियान है, लेकिन राजस्व संबंधी प्रकरण प्रतिदिन राजस्व कार्यालयो और राजस्व न्यायालयों में आते हैं। उन्होंने कहा कि नामांतरण, बटवारा, सीमांकन, बटांकन सहित सभी राजस्व प्रकरणों के निराकरण को हर दिन अभियान की तर्ज पर निराकृत करें, ताकि मामले लंबित न रहें। उन्होंने राजस्व अधिकारियों से कहा कि वे पटवारियों के काम की नियमित समीक्षा करें और यह भी देखें कि बेहतर काम किन पटवारियों द्वारा किया जा रहा है किन पटवारियों द्वारा कम काम किया जा रहा है। इसे समझे और काम में गति लाने के लिए उन्हें प्रोत्साहित करें।

फौती नामांतरण के शीघ्र आयोजित करें विशेष ग्राम सभा

कलेक्टर श्री बालागुरू के ने निर्देश दिए कि वनग्रामों के राजस्व ग्रामों में परिवर्तन तथा वन व्यवस्थापन के कार्य में तेजी लाई जाए। उन्होंने कहा कि 513 प्रकरणों के फौती नामांतरण के जो प्रकरण शेष रह गए हैं उनकी कार्यवाही शीघ्र की जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जहां वनाधिकार पट्टों के नामांतरण के लिए ग्रामसभाएं नही हुई हैं वहां शीघ्र ग्राम सभाएं आयोजित की जाएं।

तेजी से करें भू-अर्जन एवं मुआवजा वितरण की कार्यवाही

बैठक के दौरान कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने नेशनल हाईवे तथा रेलवे के लिए भूमि अधिग्रहण एवं मुआवजा वितरण की समीक्षा के दौरान शेष भूस्वामियों को शीघ्र मुआवजा वितरण की कार्यवाही के निर्देश दिए। उन्होंने बुधनी अनुभाग के अंतर्गत नेशनल हाईवे के लिए अधिकृत भूमि का मुआवजा वितरण तथा रेलवे को दी गई भूमि का नामान्तरण की कार्यवाही तेजी से करने के निर्देश दिए। ताकि इन परियोजनाओं का कार्य शीघ्र प्रारंभ हो सके। इसके साथ ही उन्होंने विभिन्न कार्यालयों, शासकीय भवनों तथा परियोजनाओं के लिए भूमि आवंटन की कार्यवाही तेजी से करने के निर्देश दिए। ताकि आगे की कार्यवाही शीघ्र प्रारंभ की जा सके।

70 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों के आयुष्मान कार्ड बनाने के कार्य में गति लाएं

बैठक में कलेक्टर श्री बालागुरू के तथा जिला पंचायत सीईओ डॉ नेहा जैन ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि 70 वर्ष से अधिक आयु के सभी वरिष्ठ नागरिकों के आयुष्मान कार्ड बनाने का कार्य जल्द से जल्द पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि ऐसे बुजुर्ग जिनका निधन हो गया है उनका नाम लक्षित सूची से हटाएं जाए। उन्होंने कहा कि उन ग्राम तथा वार्डों में कैंप लगाकर आयुष्मान कार्ड बनाए जाएं जहां प्रगति कम है। बैठक में जानकारी दी गई कि अभी तक 70 वर्ष से अधिक आयु के 25514 बुजुर्गों के आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं।

Post a Comment

0 Comments