सीहोर। नगर में भोजपुरी समाज का छठ पूजा का पर्व धूमधाम से शुरू हो गया। छठ पूजा के लिए सीवन नदी तट पर भव्य तैयारियां की गई हैं। यहां पर टेंट, लाइट, डेकोरेशन किया गया है। छठ पूजा के दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जसपाल अरोरा एवं पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अमिता अरोरा भी सीवन नदी तट पर पहुंचे एवं पूजा में शामिल हुए। इस दौरान भोजपुरी समाज द्वारा अरोरा दंपत्ति का फूलमाला पहनाकर स्वागत किया गया। छठ पूजा पर्व पर अरोरा दंपत्ति ने भी सभी समाज जनों को बधाई, शुभकामनाएं प्रेषित कीं। इस मौके पर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जसपाल सिंह अरोरा ने कहा कि हमारा देश विभिन्न मान्यताओं, परंपराओं का देश है। यहां पर तरह-तरह के व्रत, त्यौहार मनाए जाते हैं। इन्हीं त्यौहारों में से छठ पूजा का पर्व भी हमारी सनातन संस्कृति का अहम पर्व है। भोजपुरी समाज द्वारा इस पर्व को बड़े ही धूमधाम से मनाया जाता है। छठ पूजा का पर्व बेहद कठिन व्रतों में से एक है। इसमें महिलाएं निर्जला व्रत रखती हैं। श्री अरोरा ने छठ पर्व की सभी नगरवासियों, क्षेत्रवासियों एवं भोजपुरी समाज के लोगों को हार्दिक बधाई, शुभकामनाएं भी दीं। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर, नगर पालिका उपाध्यक्ष विपिन सास्ता, पार्षद राजेश मांझी, आशीष गहलोत, अजय राजपूत सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

0 Comments