अनंत चतुर्दशी चल समारोह में 14 अखाड़े और 15 से अधिक छोटी-बड़ी झांकियाँ होंगी शामिल हिन्दु उत्सव समिति करेगी पुरस्कृत

सीहोर। परम्परागत रूप से निकलने वाला अनन्तचर्तुदशी चल समारोह आज 17 सितम्बर, दिन मंगलवार को रात्रि 10 बजे स्थानीय कोतवाली चौराहे से प्रारंभ होगा। जिसमें शहर की लगभग 15 से अधिक छोटी-बड़ी झांकियाँ व 14 अखाड़ों के शामिल होने की हिन्दु उत्सव समिति के पदाधिकारियों ने शहर के विभिन्न स्थानों पर बन रही झांकियां पर पहुंचकर झाँकी निर्माताओं का उत्साह वर्धन किया। इस अवसर पर हिन्दु उत्सव समिति के अध्यक्ष आशीष गुप्ता, समाज सेवी पं.महेश दुबे, प्रवक्ता राजेन्द्र नागर, पार्षद लोकेन्द्र वर्मा, पुरुषोत्तम मीणा उपस्थित रहे। हिन्दु उत्सव समिति के अध्यक्ष आशीष गुप्ता ने बताया कि चल समारोह को लेकर नगर सहित ग्रामीण आंचलों में उत्साह का वातावरण है। इस वर्ष भी अनंत चतुर्दशी पर्व को और अधिक उत्साह के साथ मनाने के लिये हिन्दु उत्सव समिति के समस्त सदस्य एवं पदाधिकारी कार्यरत् हैं। श्री गुप्ता ने बताया कि आज रात्रि को निकलने वाले चल समारोह को लेकर शहर के सामाजिक सांस्कृतिक राजनैतिक व समाज सेवियों द्वारा अखाड़ों एवं झाँकी के कलाकारों एवं खलिफा, उस्तादों सहित झाँकी के पदाधिकारियों का स्वागत सम्मान किया जायेगा। स्थानीय कोतवाली चौराहे पर हिन्दु उत्सव समिति द्वारा मंच के माध्यम से हिन्दु उत्सव समिति के संरक्षक मण्डल एवं पदाधिकारियों सहित विशेष अतिथियों के रूप में उपस्थित जनसमूह व चल समारोह में शामिल अखाड़ों व झांकियों का सम्मान किया जायेगा। हिन्दु उत्सव समिति ने समस्त शहरी व ग्रामीण क्षेत्र के नागरिकों से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर अनंत चतुर्दशी चल समारोह के साक्षी बने।



Post a Comment

0 Comments