प्रदेश की 16 टीम होगी शामिल, ब्लाक स्तरीय फुटबाल प्रतियोगिता में सीहोर बाइज ने आरएसआई को 2-1 से हराया
सीहोर। मध्यप्रदेश फुटबाल एसोसिएशन के सहयोग से शहर के चर्च मैदान पर लगातार दूसरी बार जिला फुटबाल एसोसिएशन के माध्यम से आगामी 5 दिसंबर से होने वाली राज्य स्तरीय अंडर-17 लीग फुटबाल प्रतियोगिता की जोरदार तैयारियां जारी है। प्रतियोगिता के लिए सात दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इसके लिए इंटरनेशनल फुटबाल खिलाड़ी सुयश कन्नोजिया, सचिव आनंद उपाध्याय, मनोज अहिरवार, विपिन पवार, अरुण राठौर सहित अन्य को प्रशिक्षक के रूप में शामिल किया गया है। वहीं मैदान पर ब्लाक स्तरीय फुटबाल प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें एक रोमांचक मैच में सीहोर बाइज ने आरएसआई को 2-1 से हराया।
इस संबंध में जानकारी देते हुए एसोसिएशन के मीडिया प्रभारी प्रियांशु दीक्षित ने बताया कि आगामी 5 दिसंबर से होने वाली राज्य स्तरीय अंडर-17 फुटबाल प्रतियोगिता में इस बार 16 टीमों को शामिल किया गया है, गत वर्ष 7 टीम थी, लेकिन प्रतियोगिता के सफल आयोजन के बाद अब टीमों में वृद्धि की है। इस बार मध्यप्रदेश के भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर, सागर, इंदौर, नीमच, छिंदवाडा, बडवानी, शुजालपुर, सीहोर के अलावा अन्य टीम शामिल है।
शानदार जीत हासिल की
शहर के चर्च मैदान पर आयोजित ब्लाक स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता में कांटे की टक्कर में सीहोर बाइज की टीम ने शानदार वापसी करते हुए आरएसआई को 2-1 से पराजित किया। मुकाबले के अंतिम समय में सीहोर बाइज के खिलाड़ियों ने लगातार दो गोल दागकर मैच का रुख बदल दिया और अपनी टीम को जीत दिलाई। मैच की शुरुआत से ही दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया। मुकाबले में आरएसआई की ओर से कुशल ने शानदार गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद सीहोर बाइज के खिलाड़ियों ने बराबरी के लिए लगातार प्रयास किए। मैच के अंतिम समय में प्रांजलि और मोहम्मद अयान ने बेहतरीन तालमेल और आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए एक-एक गोल किया। इन दो गोलों की बदौलत सीहोर बाइज ने 2-1 से मुकाबला अपने नाम कर लिया। अंतिम क्षणों तक चले इस संघर्षपूर्ण मुकाबले में खिलाड़ियों के प्रदर्शन ने मैदान पर मौजूद खेल प्रेमियों को रोमांचित कर दिया।

0 Comments