सीप अंबर फेस-1 परियोजना पूर्ण, जल्द शुरू होगी सिंचाई सुविधा – कलेक्टर ने लिया तैयारियों का जायजा कलेक्टर ने विकास एवं निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण, गुणवत्ता और समय पर पूरा करने के दिए निर्देश



सीहोर, 11 नवम्बर 2026    कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने जिले में संचालित विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर उनकी प्रगति और वर्तमान स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने सीप अंबर फेस-1 परियोजना का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने सीप अंबर फेस-1 परियोजना का निरीक्षण कर अधिकारियों से परियोजना की वर्तमान स्थिति एवं सिंचाई शुरू करने की तैयारियों के संबंध में जानकारी ली। उल्लेखनीय है कि सीप अंबर फेस-1 परियोजना का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है और अब क्षेत्र में सिंचाई सुविधा शुरू होने जा रही है। कलेक्टर ने परियोजना से किसानों को मिलने वाले लाभ तथा सिंचाई व्यवस्था को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए की गई तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को निर्धारित समय पर सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराया जा सके।


आरवीएनएल द्वारा निर्माणाधीन ब्रिज का निरीक्षण कर रेलवे अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश


     कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने आरवीएनएल द्वारा निर्माणाधीन ब्रिज का भी अवलोकन किया। उन्होंने ब्रिज निर्माण की प्रगति, उपयोग की जा रही निर्माण सामग्री एवं तकनीकी गुणवत्ता का जायजा लिया। कलेक्टर ने रेलवे के संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से निर्माण कार्य की प्रगति के संबंध में जानकारी ली।


 कलेक्टर ने लाडकुई जल निगम, नेशनल हाईवे एवं राला नवीन मंडी निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण

   कलेक्‍टर ने लाडकुई जल निगम के अंतर्गत आष्‍टा रानीपुरा समूह जल योजना निर्माणाधीन कार्यों, नेशनल हाईवे निर्माण कार्य तथा ग्राम राला में निर्माणाधीन नवीन मंडी का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसियों के प्रतिनिधियों से निर्माण कार्यों की वर्तमान स्थिति, प्रगति और निर्धारित समय-सीमा के संबंध में जानकारी प्राप्त की।


     कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने लाडकुई और कोसमी में जल निगम परियोजना के अंतर्गत चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परियोजना के विभिन्न घटकों की प्रगति का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों से निर्माण कार्यों की वर्तमान स्थिति, अब तक पूर्ण किए गए कार्यों और शेष कार्यों के संबंध में विस्तार से जानकारी प्राप्त की। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परियोजना के सभी कार्य निर्धारित तकनीकी मापदंडों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण कराए जाएं। उन्होंने कहा कि परियोजना के क्रियान्वयन में अनावश्यक देरी न हो तथा कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए। वहीं नेशनल हाईवे निर्माण कार्यों के निरीक्षण के दौरान निर्माण की गुणवत्ता, कार्य की गति और निर्धारित तकनीकी मापदंडों का पालन सुनिश्चित करने को कहा।


      इसी क्रम में ग्राम राला में निर्माणाधीन नवीन मंडी का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने मंडी परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मंडी का निर्माण इस प्रकार कराया जाए कि किसानों को भविष्य में अपनी उपज के विक्रय एवं अन्य कृषि संबंधी गतिविधियों में बेहतर सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने सभी निर्माण एजेंसियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्माण कार्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी कार्यो को जल्‍द से जल्‍द पूर्ण करें जिससे कि किसानों को इसका लाभ मिल सके


      इस अवसर पर भैरूंदा एसडीएम श्री सुधीर कुशवाह, तहसीलदार श्री सौरभ शर्मा, कार्यपालन यंत्री सिंचाई श्री मयंक सिंह, जीएम जल निगम श्री मोहम्‍मद जेनुअल, जल संसाधन विभाग अनुविभागीय अधिकारी भैरूंदा श्री कपिल कुमार सहित अन्‍य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थें।



 



Post a Comment

0 Comments